चक्काजाम से पहले हटाए गए आश्रम अधीक्षक, दूसरे के खिलाफ विभागीय कार्यवाही का आश्वासन, आंदोलन स्थगित
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- मैनपुर में आदिवासी छात्र की मौत मामले पर 7 अप्रैल को दिया गया था चक्काजाम की चेतावनी, जिला अफसरों के समझाइश के बाद आंदोलन स्थगित
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर अंतर्गत बड़ेगोबरा बालक आश्रम में अध्यनरत छात्र राघव मंडावी की मौत के मामले में तत्कालीन अधीक्षक राकेश साहू पर कार्यवाही की मांग के साथ ही पीड़ि़त परिवार को मुआवजा और मंडल संयोजक पद से हटाये जाने के बाद दो आश्रमों में अधीक्षक पद पर दुर्गा प्रसाद यादव द्वारा आदिवासी समाज के नेताओं को अपशब्द कहे जाने के साथ ही धमकी देने के मामले को लेकर आदिवासी एवं क्षेत्र के सर्व समाज द्वारा 7 अप्रैल दिन मंगलवार को नेशनल हाइवे 130 सी मैनपुर देवभोग गरियाबंद मार्ग मे बुढादेव मंदिर के पास चक्काजाम करने की चेतावनी दिया गया था।

इस मामले को लेकर पूर्व मे भी चक्काजाम किया जा चुका था लेकिन कल मंगलवार को अनिश्चितकालीन चक्काजाम की चेतावनी के बाद गरियाबंद पुलिस एडिशनल एसपी धीरेन्द्र पटेल एवं अपर कलेक्टर पंकज डहरे आज सोमवार को सुबह 11 बजे मैनपुर पहुंचे और आंदोलन चक्काजाम करने वाले क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों समाज प्रमुखों एवं पीड़ि़त के परिजनो की बैठक लेकर उन्हे पूरा भरोसा दिलाया कि इस मामले मे जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही किया जा रहा है। साथ ही तत्कालीन अधीक्षक राकेश साहू के खिलाफ विभागीय जांच किया जाएगा जो रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। साथ ही पीड़ि़त परिवार को मुआवजा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
दो स्थानों पर आश्रम अधीक्षक दुर्गा प्रसाद यादव को दोनों जगह आश्रम अधीक्षक पद से तत्काल हटाने का आदेश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गरियाबंद द्वारा आज 6 अप्रैल 2026 को तत्काल जारी किया गया और जिला अफसरों द्वारा समझाइस दी गई कि इस मामले में पूरी गंभीरता के साथ कार्यवाही किया जायेगा जिसके बाद कल 7 अप्रैल को नेशनल हाइवे 130 सी मे चक्काजाम स्थगित कर दिया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमति लोकेश्वरी नेताम, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, जनपद सदस्य प्रताप मरकाम, नैनसिंग नेताम, अशोक ध्रुव, राधेश्याम, मंशाराम कुंजाम, भुनेश्वर ध्रुव, केसर ध्रुव, नकछेड़ा ध्रुव एवं तहसीलदार, एसडीओपी पुलिस मैनपुर एवं स्थानीय अधिकारी कर्मचारी बड़ी संख्या मे उपस्थित थे।
इस संबंध मे जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव ने बताया कि जिला के अफसरो के द्वारा आदिवासी छात्र की मौत के मामले में कार्यवाही किये जाने की आश्वासन एवं आश्रम अधीक्षक दुर्गाप्रसाद यादव को दोनो आश्रम से तत्काल हटाने के बाद कल 7 अप्रैल को होने वाला चक्काजाम स्थगित कर दिया गया है। श्री ध्रुव ने आगे बताया इस मामले को लेकर आदिवासी समाज एवं सर्व समाज प्रमुखों की बैठक आयोजित किया गया है। साथ ही अब इस मामले में एफआईआर करने की मांग करेंगे।
