आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती में भारी लेन देन मामले को लेकर जनपद मैनपुर की बैठक में जमकर हंगामा
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- बंद कमरे में सामान्य सभा की बैठक को मीडिया को भी दूर रखा गया, कलेक्टर से नियुक्ति निरस्त करने की मांग
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत मैनपुर की सामान्य सभा की बैठक में महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती में भारी लेन देन के मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जनपद सदस्य परमेश्वर जैन एवं डाॅ योगीराज माखन कश्यप ने सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती मे भारी भ्रष्टाचार किया गया है। नियमों का भी पालन पूरी तरह से नहीं किया गया है जिसकी जाॅच होनी चाहिए और तत्काल इस मामले पर कार्यवाही की मांग लेकर बैठक में जमकर हंगामा होता रहा। वही पहली बार देखने को मिला जनपद पंचायत सामान्य सभा की बैठक से मीडिया को भी दूर रखने और मामले को दबाने के लिए बंद कमरे मे बैठक करने का आरोप लगाया गया। इस मामले की क्षेत्र मे जमकर चर्चा हो रही है। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका नियुक्त अब निरस्त होने की संभावना बन रही। इस मामले में निष्पक्ष जांच होने पर कई चौकाने वाले तथ्य सामने आने की संभावना है।

तहसील मुख्यालय मैनपुर जनपद पंचायत कार्यालय में बुधवार दोपहर सामान्य सभा की बैठक आयोजित किया गया। इस बैठक में 33 विभाग के अधिकारियों को उपस्थित होना था लेकिन पता चला है कि बैठक में मात्र 7 विभाग के अधिकारी ही उपस्थित थे जिस पर जनपद सदस्यो ने नाराजगी जताई और 26 विभाग के नदारत रहे गैर जिम्मेदार स्थानीय अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग किया गया है।
- जनपद सदस्यों ने खोला मोर्चा, नियुक्ति निरस्त करने कलेक्टर से मांग
जनपद क्षेत्र क्रमांक 17 के सदस्य योगीराज माखन कश्यप एवं युवा जनपद सदस्य परमेश्वर जैन ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सख्त ऐतराज जताया। उन्होंने सीधे कलेक्टर से मांग करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ लिखित नोटिस जारी करने की मांग की। माखन कश्यप ने बताया कि पिछले महीने भी सामान्य सभा की बैठक मे कई अधिकारी नही पहुंचे जिसकी भी शिकायत किया गया था। इसके बावजूद इस बार भी बैठक में अधिकारी नदारद रहे। जनपद क्षेत्र क्रमांक 11 के सदस्य परमेश्वर जैन ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका नियुक्ति मे भारी लेन देन हुआ है और इस मामले की निष्पक्ष जांच करने पर कई चौकाने वाले तथ्य सामने आयेंगे और तो और आंगनबाडि़यों में वितरण करने के लिए आये कुकर एवं बच्चों के खेल सामाग्रीयों को कुछ जनप्रतिनिधियों में बांटे जाने की गंभीर आरोप लगाया है।
जर्जर बदहाल आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति को लेकर चिंता जताई
इस भीषण गर्मी मे अधिकांश आंगनबाड़ी केन्द्रों में पंखा तक की सुविधा नहीं होने से नवनिहाल बच्चे गर्मी से परेशान होने की बात कही। बैठक के दौरान भारी गहमागहमी और तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। जनपद सदस्यों ने विभिन्न योजनाओं में हो रही अनियमितताओं को लेकर जमकर आवाज उठाई। सबसे प्रमुख मुद्दा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर हो रही नियुक्तियों का रहा, जिस पर सदस्यों ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। पारदर्शिता की कमी पर सवाल खड़े किए साथ ही जिम्मेदार अफसरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई है।
- जनपद की बैठक में पहली बार मीडिया को दूर रखना और बंद कमरे में बैठक करना चर्चा का विषय
मैनपुर जनपद पंचायत की बैठक में आज आंगनबाड़ी नियुक्ति मामला एवं अन्य भ्रष्टाचारों को लेकर हंगामा के आसार को देखते हुए जहां एक ओर बैठक से मीडिया को दूर रखा गया। जबकि इससे पहले बकायदा बैठक की सूचना पूर्व में ही जनपद सीईओ के माध्यम से प्रसारित किया जाता था लेकिन इस बार मीडिया को जहां दूर रखा गया। वही बंद कमरे में बैठक को लेकर तरह तरह की चर्चा हो रही है।
