Recent Posts

September 12, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

आशीर्वाद का दीया से जगमगाएगा भूतेश्वर नाथ धाम – कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • साफ-सफाई और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश

गरियाबंद । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर में वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला अधिकारियों के साथ भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर श्री शर्मा ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पूर्व मंदिर परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। निरीक्षण के दौरान एसपी श्री वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ श्री मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्री नवीन भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का रखा जाए विशेष ध्यान

कलेक्टर ने कहा कि भूतेश्वरनाथ धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक स्थानों पर साफ-सफाई कराने, कार्यक्रम स्थल को सुव्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  • 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भी वृहद स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन की व्यापक जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और जनभागीदारी से जुड़े इस आयोजन को पूरी गरिमा एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।

एक नज़र इधर भी देखे...