जनपद कार्यालय मैनपुर में सीईओ कुर्सी खाली, कई विभाग प्रभारी अधिकारी के भरोसे
- जनता को इधर से उधर भटकना पड़ रहा है
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद जिले आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र में सरकारी अधिकारियों की भारी कमी के चलते इन दिनों आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और तो और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों को अफसरों के नहीं होने से वापस मायूस होकर लौटना पड़ है। ऐसे में ग्रामीण यह सवाल कर रहे है कि एक तरफ राज्य सरकार सुशासन तिहार मना रहा है और दूसरी ओर गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड क्षेत्र में अफसरों की कमी के चलते लोगों के समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। यह कैसे सुशासन तिहार मनाया जा रहा है जो समझ से परे है।
उल्लेखनीय है कि गरियाबंद जिला अंतर्गत जनपद पंचायत मैनपुर क्षेत्रफल की दृष्टि मे सबसे बड़ा विकासखंड है जो लगभग 80 किमी के दायरे मे फैला हुआ है और यहां के अधिकारियों को अंतिम छोर ओड़िसा सीमा से लगे झरगांव, तेतलखुंटी, घुमरापदर, खरीपथरा, पानीगांव जैसे अंतिम छोर के गांवो मे दौरा करने पर पूरे एक दिन का समय लग जाता है इन ग्रामों से ग्रामीण और फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर बस व अन्य माध्यमों से जब मैनपुर जनपद पंचायत और एसडीएम कार्यालय पहुंचते है तो अफसर नहीं होने के कारण उन्हे मायूस लौटना पड़ता है जिससे उनका दिनभर का समय और आर्थिक नुकसान होता है।
ज्ञात हो कि मैनपुर जनपद पंचायत कार्यालय मे पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी डीएस नागवंशी 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो चुके है उसके बाद से आजतक मैनपुर मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पायी है जबकि जनपद पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पद सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का अधिकांश कार्य जनपद पंचायत से ही संबंधित होता है।
ग्रामीण पिछले चार पांच दिनों से जब मैनपुर जनपद पंचायत कार्यालय अपनी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे है तो उन्हे यहां आने के बाद पता चलता है कि अभी तक जनपद पंचायत मे नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों सहित अन्य फरियादियों लाभार्थियों जैसे मनरेगा योजना के भुगतान, राशन कार्ड, आवास निर्माण, निराश्रत पेंशन, वृध्दा पेंशन व अन्य कार्यो के लिए उन्हे भटकना पड़ रहा है क्षेत्र के लोगो ने गरियाबंद जिले के कलेक्टर भगवान सिंह उईके एवं जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर से मांग किया है कि मैनपुर में जल्द ही नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी की नियुक्ति किया जाये।
- गरियाबंद एसडीएम को मैनपुर का अतिरिक्त प्रभार, दो दिन ही मैनपुर कार्यालय में समय निर्धारित
मैनपुर अनुविभागीय राजस्व कार्यालय में भी स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नही हो पायी है। गरियाबंद के एसडीएम को मैनपुर का अतिरिक्त प्रभार अप्रैल के प्रथम सप्ताह मे दिया गया है लेकिन गरियाबंद एसडीएम का मूल पदभार होने के कारण सप्ताह मे सिर्फ दो दिन सोमवार और शुक्रवार को ही एसडीएम मैनपुर में उपस्थित हो पाती है। ऐसे में राजस्व संबंधित कार्यो मे भी तेजी नही आ पा रही है और लोगो को परेशानी हो रही है। मैनपुर मे स्थायी एसडीएम का पद नियुक्ति करने की मांग क्षेत्रवासियों ने किया है।
- महिला बाल विकास एवं खादी ग्राम उद्योग में भी प्रभारी अधिकारी के भरोसे
आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र मे इसी तरह सरकार के महत्वपूर्ण विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग मे भी प्रभारी अधिकारी के भरोसे संचालित हो रहा है। यहां के परियोजना अधिकारी दिसंबर मे सेवानिवृत्त होने के बाद अबतक चार माह मे मूल अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पायी है जिसके कारण सरकार के महत्वपूर्ण योजना जो 0 से 6 वर्ष को बच्चो को मिलना चाहिए नहीं मिल पा रहा है। स्थायी अधिकारी नहीं होने के कारण कई कार्यो में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि महतारी वंदन योजना के साथ पूरक पोषण आहार व अन्य कई कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित किया जाता है इसलिए मैनपुर मे तत्काल पूर्णकालिक अधिकारी की नियुक्ति किया जाये। वहीं खादी ग्राम उद्योग के अलावा वन विभाग, सिंचाई विभाग के कई पद खाली है जिसमे जल्द नियुक्ति किये जाने से क्षेत्र की जनता को शासकीय योजनाओं का लाभ तेजी से मिलेगा।
- बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने सरकार सुशासन तिहार मनाने में व्यस्त अधिकारी नहीं होने से जनता परेशान
बिन्द्रानवागढ विधायक जनक ध्रुव ने कहा एक तरफ भाजपा सरकार सुशासन तिहार मना रही है। बड़े बड़े विकास के दावे किये जा रहे हैं और दूसरी ओर गरियाबंद जिले के अंतर्गत आदिवासी विकासखंड मैनपुर मे जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अन्य विभाग के अधिकारियों के पद खाली पड़े हुए हैं। प्रभारी अधिकारियों के भरोसे पूरा विकासखंड संचालित किया जा रहा है। जिला मुख्यालय गरियाबंद से मैनपुर शासकीय कार्यालयों का संचालन हो रहा है जिससे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि शासन प्रशासन की योजना धरातल मे कैसे पहुंचेगी।
- पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी ने कहा कि मामले से मुख्यमंत्री को अवगत करायेंगें
बिन्द्रानवागढ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता डमरूधर पुजारी ने कहा निश्चित रूप से मैनपुर मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी व अन्य अधिकारियों के स्थायी नियुक्ति नहीं होने से शासकीय कार्य प्रभावित हो रही है। इस मामले से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल को आज ही अवगत करायेंगें और मैनपुर मे स्थायी रूप से अफसरों की नियुक्ति की मांग करेंगें।
