Recent Posts

February 4, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

आदिवासी बच्चे की मौत पर कांग्रेस के जिला स्तरीय जांच टीम पहुंचीं आश्रम

  • अधीक्षक की लापरवाही के चलते आदिवासी बच्चे की हुई मौत 
  • शेख हसन खान, गरियाबंद 

गरियाबंद। तहसील मुख्यालय मैनपुर से 03 किमी दूर ग्राम भाठीगढ़ स्थित शासकीय आदिवासी बालक आश्रम बड़ेगोबरा में अध्यनरत एक आदिवासी बच्चे को समय पर आश्रम प्रबंधन द्वारा इलाज उपलब्ध नहीं कराने के कारण छात्र की मौत हो गई। इसके बाद से यह मामला बेहद गरमा गया है। जिम्मेदार अफसरो एवं आश्रम अधीक्षक पर कार्यवाही की मांग किया जा रहा है। इसी बीच जिला प्रशासन द्वारा जांच टीम इस मामले की जांच कर रही है तो वहीं दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद द्वारा भी जाॅच टीम गठित किया गया है।

आज सोमवार को जिला कांग्रेस की जाॅच टीम आश्रम पहुंची। इस जाॅच टीम में प्रमुख रूप से पूर्व जनपद अध्यक्ष गरियाबंद एवं कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि युगल किशोर पांडेय, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, महामंत्री गेंदु यादव, जनपद सदस्य जमुना नेगी एवं टीम के सदस्य दोपहर को आश्रम पहुंचे और बच्चों तथा कर्मचारियों एवं अधीक्षक से इस संबंध में अलग अलग चर्चा किया गया जिसमें यह बात सामने आई कि आश्रम अधीक्षक के लापरवाही के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण छात्र की मौत हुई है।

इस संबंध में चर्चा करने पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि युगल किशोर पांडेय ने बताया कांग्रेस जाॅच दल में जो बात सामने आई है। बच्चों ने बताया कि छात्र राघव मंडावी तीन दिनों से बीमार था लेकिन उनका आश्रम अधीक्षक द्वारा इलाज नही करवाया गया और राघव के पिता 26 जनवरी को जब आश्रम पहुंचे तो अपने बच्चे को बीमार देखकर इलाज के लिए अपने साथ ले गये थे लेकिन इलाज में देरी के कारण आदिवासी बच्चे की मौत हो गई। वहीं आश्रम में मीनु अनुसार बच्चो को भोजन नही मिल रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आश्रम में गंदगी का आलम है साफ सफाई पर ध्यान नही दिया जा रहा है गद्दा चादर खराब है। शौचालय की स्थिति खराब है और आश्रम प्रबंधन की लापरवाही के कारण कक्षा सातवीं के छात्र राघव मंडावी की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट को जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौपने के बाद कांग्रेस द्वारा आगे कदम उठाई जायेगी।