Recent Posts

May 29, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

दशमेश सेवा सोसाइटी ने दिया मानवता का संदेश

  • गुरु श्री अर्जुन देव की शहीदी दिवस के अवसर पर शास्त्री चौक में किया मीठे शरबत और चना का वितरण
  • शेख हसन खान, गरियाबंद 

रायपुर। सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी के पावन शहीदी दिवस पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा, सेवा और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा शुक्रवार को शास्त्री चौक में विशाल छबील लगाकर राहगीरों, आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को मीठा शरबत एवं चना प्रसाद वितरित किया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित इस सेवा कार्य में सिख समाज की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही शास्त्री चौक पर सेवा का सिलसिला शुरू हुआ, जहां हजारों लोगों ने मीठे शरबत का पान कर गुरु जी के बलिदान को नमन किया और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में सेवा, भाईचारे और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा, समाजसेवी एवं संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जसबीर सिंह भाटिया (अध्यक्ष, दशमेश सेवा सोसाइटी), परविंदर सिंह भाटिया, बलविंदर सिंह अरोरा, राजेंद्र सिंह भूटानी, बॉबी सिंह होरा, दिलेंदर सिंह ढिल्लन, कमलजीत सिंह गुम्बर, लवली सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि गुरु श्री अर्जुन देव जी का बलिदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सिख समाज हमेशा सेवा, समर्पण और भाईचारे की मिसाल पेश करता आया है। भीषण गर्मी में आमजन को मीठा शरबत और प्रसाद वितरित कर दशमेश सेवा सोसाइटी ने मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने गुरु जी की शहादत को नमन करते हुए कहा कि हमें उनके बताए सत्य, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु श्री अर्जुन देव जी की शहादत त्याग, तपस्या और धर्म की रक्षा का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता, समानता और सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा आयोजित छबील सेवा की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को मीठा शरबत और प्रसाद वितरित करना सच्ची मानव सेवा है, जो गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवंत रूप में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि गुरु श्री अर्जुन देव जी की शहादत मानवता, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए दिया गया अतुलनीय बलिदान है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने पूरी दुनिया को प्रेम, सेवा, सहनशीलता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में एकता और मानवता को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा भीषण गर्मी में शास्त्री चौक में मीठे शरबत और चना प्रसाद का वितरण कर गुरु जी की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। भीषण गर्मी में राहगीरों और आम नागरिकों की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

संयोजक प्रीतपाल सिंह होरा ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने ‘आदि ग्रंथ’ का संकलन कर सिख धर्म को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। उनका जीवन सत्य, सेवा और त्याग का प्रतीक है। उनका शहीदी दिवस हमें धर्म और मानवता की रक्षा के लिए किए गए महान बलिदान की याद दिलाता है।

ज्ञात हो कि गुरु अर्जुन देव जी सिख धर्म के प्रथम शहीद गुरु थे, जिन्होंने वर्ष 1606 में मुगल अत्याचार के विरुद्ध अपने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने अत्याचार के सामने कभी झुकना स्वीकार नहीं किया और सत्य के मार्ग पर अडिग रहे।

उनकी शहादत की स्मृति में सिख समुदाय हर वर्ष गर्मी के मौसम में शरबत और प्रसाद वितरित करता है। यह परंपरा केवल सेवा का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और भाईचारे का जीवंत संदेश भी देती है।