Recent Posts

July 2, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है : गौरीशंकर कश्यप

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 

गरियाबंद। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का संकल्प है। शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है, इसलिए यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

वे विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर ग्राम सीनापाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पाठ्य सामग्री वितरित कर विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

श्री कश्यप ने कहा कि शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक गोवर्धन सिंह मांझी, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, गरियाबंद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, सुधीर अग्रवाल, कुंजबिहारी बेहरा, चंद्रशेखर सोनवानी, भगवानो बेहरा, त्रिवेणी नेताम, जनपद पंचायत देवभोग की अध्यक्ष श्रीमती पद्मल्या निधि, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलाम्बर कश्यप तथा बीआरसीसी कुंदन हरपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण का संदेश दिया गया।