बारिश का कहर – राजापड़ाव -गौरगांव क्षेत्र में एप्रोच मार्ग काटा, मुख्यालय से 130 ग्रामो पाराटोला का संपर्क टूटा, क्षेत्र के गांव टापू में तब्दील
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- नेशनल हाइवे 130 सी के उपर 2-3 फीट पानी भरने से गरियाबंद, रायपुर, देवभोग ओड़िशा मार्ग अवरूद्ध
- अड़गड़ी नाला में बनाये एप्रोच सड़क टूटा, 65 ग्राम के हजारों लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद
- उदंती, पैरी, कुल्हाड़ीघाट, इंद्रावन, बाघ व क्षेत्र के सभी नदी नाले उफान पर, कई स्कूलों के नही खुले ताले, दर्जनों कच्चे मकान टूटकर धराशाही
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के वनांचल मैनपुर विकासखण्ड क्षेत्र मे पिछले तीन दिनो से लगातार हो रही मुसलाधार बारिश के चलते नदी नाले पूरे उफान पर आ गये है आज बुधवार को नेशनल हाइवे 130 सी के उपर कई जगह 2 से 3 फीट पानी सड़क पर आ जाने से रायपुर, गरियाबंद एवं देवभोग ओड़िशा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग मे आवागमन बाधित हो गया है जिसके कारण सैकड़ों मालवाहक एवं यात्री वाहनों में लोग फंसे हुए हैं।

भारी बारिश के चलते मैनपुर नगर सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामों में बिजली बंद हो गई है जिसके कारण संचार व्यवस्था में परेशानी आने लगी है तो वही मैनपुर राजापड़ाव गौरगांव इलाके में अड़गड़ी नाला में बनाये गये एप्रोच मार्ग बह जाने से इस क्षेत्र के लगभग 65 ग्रामों पाराटोला का संपर्क जहां एक ओर पूरी तरह टूट चुका है। वही दूसरी ओर मैनपुर, जिड़ार कुल्हाड़ीघाट मार्ग मे 4 फीट तक पानी मुख्यमार्ग मे आ जाने से यह मार्ग सुबह से देर शाम समाचार लिखे जाने तक पूरी तरह अवरूद्ध है और इस क्षेत्र के दो दर्जन से ज्यादा गांव पाराटोला का संपर्क भी टूट गया है तो गोबरा, कांटीपारा, उदंती अभ्यारण्य के भीतर साहेबिनकछार, नागेश, कोदोमाली, अमाड़, करलाझर, पयलीखण्ड, जांगड़ा, कुर्रूभाठा, फरसरा, छिन्दौला, आमामोरा, ओढ़, जरण्डी मार्ग मे नदी पूरे उफान में होने के कारण सैकड़ों गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय मैनपुर से पूरी तरह टूट गया है और लोगो का आवागमन बंद हो गया है।

लगातार बारिश के चलते नदी नालो के जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। मैनपुर गरियाबंद नेशनल हाइवे मार्ग के अलावा देवभोग मार्ग मे बम्हनीझोला, कोदोमाली, तौरेंगा, झरियाबाहरा एवं कई जगह सड़क के उपर 2-3 फीट पानी चढ़ गया है जिसके कारण कई मालवाहक ट्रक व वाहने जंगल के भीतर फसे हुए है।
- राजापड़ाव गौरगांव क्षेत्र के 65 ग्राम बने टापू
मैनपुर विकासखण्ड क्षेत्र के राजापडाव गौरगांव क्षेत्र ओडिसा सीमा से लगा हुआ है और इस क्षेत्र के नदी नालों में पुल पुलिया का निर्माण नहीं होने से इस क्षेत्र के लोग बारिश के पुरा चार माह परेशानियों में गुजारते हैं और तो और ओडिसा में बारिश का असर इस क्षेत्र के नदी नालों में देखने को मिलता है। आज राजापड़ाव गौरगांव मार्ग मे अड़गड़ी नाला में बनाये गये। एप्रोच मार्ग टूट जाने से इस क्षेत्र के 65 ग्राम का आवागमन बाधित हो गया है। जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने बताया पिछले 48 घंटे से मुसलाधार बारिश के कारण अड़गड़ी, जरहीडीह, शोभा, बाघनाला पूरे उफान पर है और इन नदी नालों में पुल निर्माण नही होने के कारण ग्रामीण आना जाना नही कर पा रहे हैं। क्षेत्र के 65 ग्राम टापू में तब्दील हो गया है जान जोखिम में डालकर लोग आना जाना करने मजबूर हो रहे हैं। हालंकि कुछ नदी नालों में पुलिस के जवान तैनात किये गये है। श्री नेताम ने बताया बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। यह मार्ग ओड़िशा मुख्य कारीडोर मार्ग है जो ओड़िशा रायघर को जोड़ता है। इस मार्ग में हजारों लोग फंसे हुए हैं जो नदी नालों में बहाव कम होने का इंतजार कर रहे हैं।

- अमाड़, साहेबिनकछार, सिंहार क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों के घरों में घुसा पानी, आवागमन बंद
मैनपुर विकासखण्ड के सिंहार, अमाड़, साहेबिनकछार क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक ग्रामों में आवागमन बाधित हो गया है। नदी नाले पूरे उफान पर है और ग्रामीणों का आना जाना थम गया है शोभा के सरपंच घनश्याम मरकाम, वरिष्ठ आदिवासी नेता रूपसिंह मरकाम, अर्जुन नायक, मदन यादव ने बताया नदी नाले उफान में होने के कारण पूरा आवागमन बंध है और ग्रामीणों को भारी दिक्कत हो रही है।
- तहसीलवार दैनिक वर्षा की जानकारी – आज की स्थिति में जिले की औसत वर्षा 625.2 मि.मी.
चालू मानसून सत्र में एक जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले की औसत वर्षा 625.2 मि.मी. दर्ज की गई है। गत वर्ष (पिछले 10 वर्ष के आधार पर) इस अवधि तक 513.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी। भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलवार 29 जुलाई 2026 की स्थिति में मैनपुर तहसील में 780.2 मि.मी., और गरियाबंद तहसील में 686.8 मि.मी., देवभोग तहसील में 402.1 मि.मी. एवं अमलीपदर तहसील में 316.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
