नवोदय विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी सिद्धी साहू का राष्ट्रीय विज्ञान रियलिटी शो ‘विज्ञान घर’ के लिए चयन
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। मैनपुर की होनहार बिटिया और जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) गरियाबंद की कक्षा 8वीं की छात्रा लक्ष्मी सिद्धी साहू ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर के विज्ञान आधारित रियलिटी शो ‘विज्ञान घर’ (सीजन-5) में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है।

देशभर से चयनित 20 बच्चों में शामिल
आगामी 17 मार्च से 26 मार्च तक उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित होने वाले इस अनूठे कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न राज्यों से केवल 20 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। लक्ष्मी इस प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
शून्य निवेश और नवाचार पर आधारित होगा कार्यक्रम
प्रसिद्ध एस्ट्रोनॉट और ‘विज्ञान गुरु’ दीपक शर्मा के सानिध्य में आयोजित इस 10 दिवसीय आवासीय कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘वेस्ट से बेस्ट’ (Zero Investment Innovation) है। यहाँ बच्चे न केवल प्रायोगिक विज्ञान पर कार्य करेंगे, बल्कि प्राचीन भारतीय आध्यात्म और आधुनिक विज्ञान के गहरे अंतर्संबंधों को भी बारीकी से समझेंगे।
उपलब्धियों से भरा सफर
लक्ष्मी के पिता विनय कुमार साहू और माता कुलेश्वरी साहू ने अपनी बेटी की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। बहुमुखी प्रतिभा की धनी लक्ष्मी इससे पूर्व IIIT रायपुर में विश्व वन्य जीव दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता तथा NEERI नागपुर में ‘वन डे एज ए साइंटिस्ट’ (One Day as a Scientist) कार्यक्रम में गरियाबंद जिले का सफल प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लक्ष्मी की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय परिवार में उत्साह है, बल्कि यह जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी गौरव का विषय है।
