गरियाबंद में खेलों को नई उड़ान देने की तैयारी, 6 सितंबर को होगी क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा
- एक लाख रुपए का पहला पुरस्कार
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। खेलों के प्रति युवाओं में रुचि और जागरूकता बढ़ाने के साथ जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने की दिशा में क्रीड़ा भारती ने बड़ा अभियान शुरू किया है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर आज गरियाबंद सर्किट हाउस स्थित सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष शारद पारकर क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष अजय रोहरा, एवं जिला मंत्री पूरन लाल यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय ने जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों और कोच से रूबरू मुलाकात की तथा जिले में खेल गतिविधियों की स्थिति, खिलाड़ियों की समस्याओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर देने की है। क्रीड़ा भारती जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों और कोच के साथ मिलकर लगातार काम करेगी।
- “खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम”
क्रीड़ा भारती प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास के साथ खेलों की जानकारी और खेल इतिहास से भी जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा युवाओं को खेलों के व्यापक संसार से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है।
- 6 सितंबर को ऑनलाइन होगी परीक्षा
क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 6 सितंबर 2026, रविवार को ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे के बीच परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा में 20 मिनट में 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
न्यूनतम 12 वर्ष आयु वाले व्यक्ति परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। परीक्षा मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर अथवा टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन दी जा सकेगी। खेल जागरूकता के उद्देश्य से केवल 20 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है।
- एक लाख का प्रथम पुरस्कार, 19 अन्य विजेताओं को भी इनाम
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये एक विजेता को, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये दो विजेताओं को, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये छह विजेताओं को तथा चतुर्थ पुरस्कार 11 हजार रुपये 11 विजेताओं को प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित किए गए हैं। 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
- अजय रोहरा बोले—हर खिलाड़ी तक पहुंचेगा अवसर
क्रीड़ा भारती उपाध्यक्ष अजय रोहरा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कोचों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा जा रहा है। खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और खेलों के प्रति अपने ज्ञान को बढ़ाएं।
- ऑनलाइन पंजीयन शुरू
परीक्षा के लिए पंजीयन क्रीड़ा भारती की वेबसाइट www. kreedabharatikgp.org के माध्यम से किया जा सकता है। प्रतिभागी व्यक्तिगत अथवा समूह के रूप में पंजीयन कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान के बाद पंजीयन प्रक्रिया पूरी होगी। परीक्षा की मार्कशीट और प्रमाणपत्र अगले दिन शाम 4 बजे के बाद डाउनलोड किए जा सकेंगे।
क्रीड़ा भारती ने विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कोच, अभिभावकों और खेलप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को सफल बनाने की अपील की है।इस अवसर पर बड़ी संख्या बड़ी संख्या में खिलाड़ी और कोच संजीव साहू सूरज महादिक गिरीश शर्मा दीपक सरवैया सलीम मेमन विकास रोहरा अमित ठक्कर दानवीर साहू राहुल साहू महेंद्र यादव नितिन बखरोया वंजारी जी खुमन साहू अन्य कोच उपस्थित रहे
