Recent Posts

September 30, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

जिला पंचायत गरियाबंद सीईओ प्रखर चंद्राकर ने सुरसाबांधा का औचक निरीक्षण कर बायोगैस प्लांट को निरंतर संचालित रखने, मुर्गी शेड का उपयोग शुरू करने के दिए निर्देश

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 

गरियाबंद। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत सुरसाबांधा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं ग्रामीण योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित बायोगैस प्लांट, गौठान परिसर तथा व्यायाम केंद्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला सलाहकार परवेज हनफी ने बायोगैस प्लांट की कार्यप्रणाली, गैस उत्पादन प्रक्रिया तथा तकनीकी व्यवस्था की जानकारी दी। सीईओ श्री चंद्राकर ने बायोगैस प्लांट को ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण बताते हुए सरपंच एवं सचिव को इसे नियमित रूप से संचालित रखने और रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

इस दौरान गौठान परिसर में निर्मित मुर्गी शेड का उपयोग नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को इसे शीघ्र उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आजीविका के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। श्री चंद्राकर ने ग्राम पंचायत में स्थापित व्यायाम केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए इस केंद्र का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत फिंगेश्वर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला टीम, स्वच्छ भारत मिशन के जिला सलाहकार, ग्राम पंचायत सुरसाबांदा के सरपंच, सचिव तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।