कुल्हाड़ीघाट के दुर्गम पहाड़ी पर बसे ताराझर, कुरूवापानी पहुंचे जिला चिकित्सा अधिकारी नवरत्न के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- पहाड़ी के उपर बसे इन ग्रामों में पहुंचने के लिए आज तक सड़क का निर्माण नहीं किया जा सका है
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर दूरस्त वनांचलो के ग्रामों तक सरकार की योजनाओं और लोगो को सुविधाएं पहुंचाने के लिए इन दिनो जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है लगातार जिले के आला अफसर दूरस्त वनांचल में बसे ग्रामों तक पहुंच रहे है वहीं मैनपुर विकासखण्ड के कुल्हाड़ीघाट ग्राम पंचायत के पहाड़ी के उपर बसे विशेष पिछड़ी कमार जनजाति ग्रामों तक पहुंचने के लिए अब तक सड़क का निर्माण नही किया गया है यहां निवास करने वाले ग्रामीणों के तबियत खराब होने पर या फिर गर्भवती महिलाओं को बहुत परेशानी में कावर और खाट में बिठाकर 20-25 कि.मी. पैदल पहाड़ी घने जंगल रास्ता को पार कर कुल्हाड़ीघाट ग्राम तक लाना पड़ता है। तब कहीं जाकर उन्हे वहां से 18 कि.मी. दूर मैनपुर अस्पताल तक वाहन के माध्यम से लाया जाता है ऐसी तस्वीर कई बार हमारे अखबार में प्रकाशित किया है।

गरियाबंद जिला चिकित्सा अधिकारी श्री यू. एस. नवरत्न के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग मैनपुर के डॉक्टर व टीम ओड़िसा के रास्ते मोटर सायकल और अन्य वाहन से शुक्रवार को ऐसे दुर्गम ग्राम ताराझर, कुंरूवापानी तक पहुंचे और यहां के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिलाने के लिए प्रयास प्रारंभ किया गया है ज्ञात हो कि 31 मार्च को गरियाबंद जिला नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद अब जिले के अफसर दुर्गम ग्रामों तक पहुंच रहे है और लोगो को शासन प्रशासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पूरे प्रयास करने लगे है। 
मिली जानकारी के अनुसार श्री यू. एस. नवरत्न (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) जिला गरियाबंद के नेतृत्व में उप स्वास्थ्य केंद्र- कुल्हाड़ीघाट के आश्रित वनांचल, बिहड़, दुर्गम एवं पहाड़ी ग्राम ताराझर व कुरवापानी मे विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत 6 माह से 5 वर्ष के सभी बच्चों में से 27 बच्चो को विटामिन ए का सिरप एवं 32 बच्चों को आयरन सिरप पिलाया गया साथ ही चार बच्चों का टीकाकरण किया गया।
तीन गर्भवती माताओं का पंजीयन एवं स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक टी.डी.टीकाकरण किया गया साथ ही 55 लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं मलेरिया जांच तथा आवश्यक जीवन रक्षक दवाई प्रदान किया गया। ग्राम में सभी घरों में भ्रमण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दिया गया। गर्मी के मौसम में लू से बचाव, रात्रि में मच्छरदानी का उपयोग, शुद्ध पेयजल पीने की सलाह दिया गया । शिविर स्थल में डां. गजेंद्र कुमार खण्ड चिकित्सा अधिकारी मैनपुर, गणेश सोनी बीपीएम, किशन लाल दीवान ईशुलाल पटेल (सुपरवाइजर), कुमारी जय श्री राव ,कुमारी सुचित्रा नागेश, रामचंद् पटेल, पारेश्वर नागेश ,रंजीत दीवान , हेमंत बाम्बोडे, श्रीमती रुकमणी सोरी (मितानिन) उपस्थित थे ।
