Recent Posts

August 25, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है – गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा

  • शेख हसन खान, गरियाबंद
  • गरियाबंद के नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, शिक्षा पहली प्राथमिकता
  • हर बच्चों को शिक्षा मिले इसके लिए शिक्षकों को पूरी मेहनत करनी होगी

गरियाबंद । गरियाबंद जिले के नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने में मीडिया की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गरियाबंद जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें आकार देने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर काम करने की आवश्यकता है। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे। शिक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक है। कलेक्टर ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
गरियाबंद जिले के नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पत्रकारों, संवाददाताओं एवं मीडिया कर्मियों से परिचयात्मक बैठक की।

उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। कलेक्टर ने कहा कि गरियाबंद जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जिले के प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, जिला जनसंपर्क अधिकारी हेमनाथ सिदार सहित सभी मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि जिले में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित ईको पार्क का पुनर्विकास कर उसे बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। नागरिकों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन सड़कों का कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।

सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और पर्यटन सुविधाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। कलेक्टर श्री शर्मा ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।