घनघोर जंगल दुर्गम रास्तों को पारकर 25 वर्षो बाद पहुंचे MLA जनक ध्रुव का नागेश, करलाझर, साहेबिनकछार, गोना में ऐतिहासिक स्वागत
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद खुशी से गदगद ग्रामीणों ने 1 किमी पैदल चलकर किया स्वागत
- MLA ने कई निर्माण कार्यो की दिया सौगात, रंगमंच का किया उद्घाटन
- पेयजल, सड़क, स्कूल, बिजली, मोबाइल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
गरियाबंद । आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर के उदंती अभ्यारण्य के भीतर बसे बीहड़ वनांचल के ग्रामों में पिछले 25 वर्षो से कोई भी विधायक सांसद नही पहुंच पाये जिसके पीछे मुख्य कारण यह क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण इन ग्रामों मे विकास कार्य पूरी तरह से थम गया है। जिसके कारण आज छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 26 वर्षो बाद भी ग्रामीण पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओ को तरस रहे हैं। इन ग्रामों में पहुंचने के लिए पक्की सड़क का भी निर्माण नहीं किया गया है। 31 मार्च को नक्सलमुक्त जिला घोषित होने के बाद बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव अब लगातार बीहड़ वनांचल में बसे ग्रामों का दौरा कर रहे हैं और तो और जहां पक्की सड़क नही है वहां मोटर साइकिल बाइक से लगातार दौरा कर रहे है। आज शुक्रवार को लगभग 25 वर्षो बाद विधायक जनक ध्रुव जैसे ही ग्राम नागेश, करलाझर, साहेबिनकछार पहुंचे ग्रामीण खुशी से गदगद हो गये और एक किलोमीटर दूर से भीषण गर्मी में रैली निकाल गाजेबाजे के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।

ग्राम साहेबिनकछार में बरगद वृक्ष के नीचे सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सरपंच और ग्राम बुजुर्ग वरिष्ठजनों ने बताया कि पूर्व विधायक ओंकार शाह के बाद आज तक कोई भी विधायक इस क्षेत्र के दौरे मे नही पहुंचे कई बार आमंत्रित किया गया। आज जनक ध्रुव 23 वर्षो बाद पहुंचे है जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को विकास को लेकर उम्मीद बंधी है। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को सड़क की समस्या के साथ क्षेत्र में मोबाइल टावर नहीं होने के कारण भारी परेशानी से अवगत कराया और पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति के साथ ही बिजली लगाने की मांग किया। विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना इस दौरान सामुदायिक भवन निर्माण, रंगमंच निर्माण, सीसी रोड़ निर्माण जैसे विकास कार्यो की विधायक मद से कराने का घोषणा किया।

विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा विधायक चुने जाने के बाद से लगातार इस क्षेत्र मे आने के लिए कई बार कार्यक्रम बनाया गया लेकिन प्रशासन द्वारा मुझे अनुमति नही दिया गया इसलिए पहले आना नही हुआ। श्री ध्रुव ने कहा पूरे बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता मेरा परिवार है और आप लोग मुझे विधायक चुने हो इस क्षेत्र के चाहे वह सड़क निर्माण का मामला हो या फिर स्कूल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सभी समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। इस क्षेत्र के समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और समस्या समाधान की मांग करेंगे। श्री ध्रुव ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में मूलभूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ी जायेगी।
पूर्व सरपंच अर्जुन नायक, रूपसिंग मरकाम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा 23 वर्षो बाद पहली बार विधायक जनक ध्रुव इस क्षेत्र के दौरे मे पहुंचे है निश्चित रूप से अब इस क्षेत्र के समस्याओं का समाधान होगा।
- पहाड़ी ओड़िशा रास्ते में मोटर साइकिल से भुतबेड़ा पहुंचे विधायक
साहेबिनकछार के ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनो मे यह क्षेत्र के एक दर्जन से ज्यादा गांव पाराटोला पूरी तरह टापू में तब्दील हो जाता है। एक पहाड़ी रास्ता ओड़िशा सीमा होते हुए भुतबेड़ा की ओर निकलती है यदि इस रास्ते को सुधार करा दिया जाये तो ग्रामीणों को बारिश के दिनों में अस्पताल व जरूरी कार्य के लिए मैनपुर आने जाने मे दिक्कत नहीं होगी और राशन सामाग्री भी पहुंच सकती है। ग्रामीणों के मांग पर विधायक ध्रुव ने इस दुर्गम रास्ते मे मोटर साइकिल से भुतबेड़ा पहुंचे और इस मार्ग की मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेंदु यादव, निहाल नेताम, सरपंच चैतीबाई नायक, अर्जुन नायक, रूपसिंग मरकाम, बैजनाथ नेताम, कुशल मरकाम, कृष्णा नागेश, अमर मरकाम, पुनितराम नाग, अशोक नेताम, घांसीराम नायक, सहदेव नाग, गोवर्धन नाग, लीलाबाई नाग, राधाबाई नेताम, मनमती नाग, यशोदा बाई, भुनेश्वरी, दरिजो बाई, चंद्रभान, प्रेमसिंग, हरिहर यादव, तिरथ नाग, पदुराम, जलसिंग, रनसाय, सोपसिंग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
