Recent Posts

November 2, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

गरियाबंद जिला स्तरीय राज्योत्सव में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा- छत्तीसगढ़ विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ रहा

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • गरियाबंद पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य जिला स्तरीय राज्योत्सव जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
  • ​मंत्री श्री वर्मा ने हितग्राहियों को बांटे चेक और ट्राईसिकल, उत्कृष्ट कर्मियों का किया सम्मान

​​गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गरियाबंद रिखीराम यादव , भाजपा गरियाबंद जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

  • ​दीप प्रज्वलन और महतारी वंदन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एवं राजकीय गीत का गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास, जिले की उपलब्धियों, यहाँ की समृद्ध वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

  • ​विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन और हितग्राहियों को सामग्री वितरण

मुख्य अतिथि मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति जानी और आम जनता से फीडबैक लिया। इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री, उपकरण और सहायता राशि के चेक वितरित किए। दिव्यांगजनों को ट्राईसिकल प्रदान की गई, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक परिधानों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

  • ​प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में तेजी से हो रहा विकास

​समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना जनता के लंबे संघर्ष और संकल्प का परिणाम है। 26 वर्षों की इस यात्रा में प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास में मील के पत्थर स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘ग्राम सुराज’ की संकल्पना को साकार कर रही है।

मंत्री श्री वर्मा ने गरियाबंद जिले के विशेष महत्व को रेखांकित करते हुए यहाँ की आदिवासी संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और भूतेश्वरनाथ मंदिर व जतमई धाम जैसे धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़क, बिजली, पानी और चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करते हुए युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित किए जा रहे हैं, नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन हो रहा है और किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खात्मे से प्रदेश में खुशहाली और औद्योगिक विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी है।

​राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि राज्य का गठन गाँव, गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए एक नया संबल बना है। गरियाबंद जिले ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चन्द्राकर सहित तमाम गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।