भाजपा नेत्री नंदनी नेताम एवं जनपद सदस्य कुमारी बाई पटेल ने कस्तुरबा गांधी आश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखण्ड अन्तर्गत आश्रम छात्रावासों का भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशमंत्री श्रीमती नंदनी नेताम एवं जनपद सदस्य श्रीमती कुमारी बाई पटेल ने निरीक्षण कर जायजा लिया साथ ही आश्रम छात्रावासो में बच्चों को शासन के निर्धारित मापदण्ड के अनुसार भोजन देने को कहा है। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए बारिश के इन दिनों आश्रम छात्रावासो में साफ सफाई के साथ विशेष सावधानी बरतने को कहा है। मैनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (आश्रम) का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चियों का उत्साह, अनुशासन और सीखने की लगन देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। विद्यालय की अधिकांश व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं, वहीं कुछ कमियाँ भी चिन्हित की गईं, जिनके शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। भाजपा नेत्री श्रीमती नंदनी नेताम ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों की प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हों। यही हमारे उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण ही विकसित समाज की पहचान है।
