हाथियों ने फसल को पहुंचाया नुकसान, निरीक्षण पर पहुंचे वन अधिकारियों पर फुटा ग्रामीणों का गुस्सा
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद वन मंडल अंतर्गत मैनपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम छिंदोला, दबनई और लेडीबाहर में इन दिनों जंगली हाथियों के दल ने भारी तबाही मचा रखी है। लगभग 30 से 35 हाथियों का एक बड़ा झुंड खेतों में घुसकर धान की फसलों को रौंद रहा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रहे नुकसान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को उस वक्त फूट पड़ा, जब वन विभाग के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने गांव पहुंचे। मैनपुर से 15 किमी दूर फरसरा, दबनई, छिन्दौला, लेडीबहार मे ओड़िशा से पहुंचे हाथियो के द्वारा धान की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। किसान बेहद परेशान है। इसकी शिकायत मिलते ही आज वन परिक्षेत्र अधिकारी मैनपुर आर के साहू स्थानीय वन अमला के खेतो का मुआयना करने पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा फुट पड़ा।

ग्रामीणों ने वन अफसर पर जमकर नराजगी जताई और कहा हाथियो के दल को यहां खदेड़ा जाये नहीं तो हम लोग आंदोलन करने बाध्य होंगे और इस मामले को लेकर वनमंत्री से मुलाकात करेंगे। वन अफसर से उचित मुआवजा की मांग को लेकर ग्रामीणो ने जमकर नराजगी जताई। वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री साहू ने सभी किसानो को समझाया और उन्हे विभाग की तरफ से उचित मुआवजा दिलाने और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियो तक पहुंचाने की बात पर ग्रामीण शांत हुए। ज्ञात हो कि मैनपुर क्षेत्र के किसान हाथियो के आतंक से बेहद परेशान है और हर वर्ष धान और मक्का की फसल को हाथियो द्वारा जमकर नुकसान पहुंचाया जाता है विभाग द्वारा मुआवजा के नाम पर महज खानापूर्ति किया जाता है बहुत कम मुआवजा दिया जाता है जिससे किसानो मे भारी नाराजगी है।
किसानों का आरोप है कि हाथियों का यह दल पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है और शाम ढलते ही खेतों में पहुंचकर तैयार फसलों को चौपट कर रहा है। हाथियों के डर से लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं और रात में रतजगा करने की नौबत आ गई है। शिकायत के बाद भी वन विभाग द्वारा हाथियों को खदेड़ने या सुरक्षा प्रदान करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। जब आज वन अधिकारी नुकसान का पंचनामा और जांच करने पहुंचे, तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। गुस्साएं ग्रामीणों ने वन विभाग की नाकामी को लेकर जमकर खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ जांच और आश्वासन से उनकी समस्या का हल नहीं निकलेगा, विभाग जल्द से जल्द हाथियों को आबादी और खेतों से दूर खदेड़ने की व्यवस्था करे तथा प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा दे। फिलहाल अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द से जल्द मुआवजा प्रकरण तैयार करने का आश्वासन दिया है, लेकिन हाथियों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में अब भी दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया – वन परिक्षेत्र अधिकारी मैनपुर आर के साहू ने बताया हाथियो के दल के द्वारा किसानो के फसलों को नुकसान पहुंचाया गया है जिसका आंकलन किया जा रहा है और उच्च अधिकारियो को इसकी जानकारी देकर उचित मुआवजा दिलाई जायेगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने नाराजगी जताई कि हाथियो के दल को खदेड़ा जाये। श्री साहू ने बताया वन विभाग एवं हाथी मित्र दल की टीम लगातार हाथियो के गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
