गरियाबंद में पांच माह से नहीं मिला पेंशन -दाने दाने को मोहताज हो रहे बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगजन
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- पेंशन के लिए जनपद से लेकर जिला मुख्यालय तक लगा रहे चक्कर लेकिन सही जवाब देने वाले भी नहीं
गरियाबंद । सरकार के महत्वपूर्ण योजना बुजुर्ग, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन के लिए पिछले पांच महिनों से हजारों लोग चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अब तक उन्हे पेंशन नहीं मिला है। ग्रामीणों को मिलने वाली पेंशन पिछले पांच माह से अटकी हुई है जिसके कारण बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगजन दाने -दाने को मोहताज हो रहे हैं। प्रतिदिन शासकीय कार्यालयो का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हे कब पेंशन मिलेगा इसका सही जवाब देने वाला कोई नहीं है। जनपद पंचायत कार्यालय से लेकर जिला कार्यालय में चक्कर लगा रहे हैं।

सिर्फ उन्हे इतना बताया जाता है कि केन्द्र से बजट नही आया है जिसके कारण उनका पेंशन अटका हुआ है जिसके कारण उन्हे दवाई, राशन, सब्जी जरूरी खर्च के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। बुढ़ापे का सहारा वृद्धा पेंशन 05 माह से नही मिलने के कारण गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर क्षेत्र के हजारों बुजुर्ग बेहद परेशान हो गये है और कई लोगों का जीवन सिर्फ इसी पैसे के सहारे चलता है। ऐसे लोगो का जीवन स्तर बेहद प्रभावित हो रहा है साथ ही पेंशन मिलने की आस में बैंकों, जनपद कार्यालय, पंचायत कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रहे है लेकिन हर बार उन्हे निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है।

जानकारी लेने पर समाज कल्याण विभाग गरियाबंद के उपसंचालक डी पी ठाकुर ने पिछले दिनो बताया पूरे गरियाबंद जिले में वृद्धा पेंशन योजना के कुल हितग्राही 24 हजार 507, विधवा पेंशन योजना के 9034 एवं दिव्यांग पेंशन योजना के 870 को मिलाकर कुल 34 हजार 411 हितग्राहियो को जनवरी 2026 पांच माह का पेंशन राशि नही मिल पाया है। उन्होंने बताया कि आगे से आबंटन ही नहीं आया है जबकि पूरी जानकारी भेजी जा चुकी है।
- 60 वर्ष के ऊपर के हितग्राहियो को 500 रूपये प्रतिमाह एवं 80 वर्ष के ऊपर हितग्राहियो को 650 रूपये मिलता है
इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से ऊपर के हितग्राही को प्रतिमाह 500 रूपये एवं 80 वर्ष के ऊपर हितग्राही को 650 रूपये, विधवा पेंशन 500 रूपये एवं दिव्यांग पेंशन 500 रूपये दिया जाता है जो अभी तक हितग्राहियों को नहीं मिल पाया है। वही दूसरी ओर राज्य स्तर का पेंशन समाजिक, सुखद, मुख्यमंत्री पेंशन योजना की राशि हर माह मिल रहा है। लेकिन पांच माह का पेंशन नही मिलने से हितग्राही बुजुर्ग बेहद परेशान हो गये है। बुजुर्गो को पांच माह से वृद्धा पेंशन न मिलना एक गंभीर समस्या है जिससे उन्हे आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कई वृद्धों को जिन्हे परिवार के सदस्यों का सहारा नहीं मिल रहा है, वे दर दर की ठोकरे खा रहे है। शासन एक ओर पेंशन राशि के माध्यम से वृद्धों को सहायता देने का दावा तो कर रही है लेकिन वास्तविक स्थिति कुछ और ही दिख रही है हजारों हितग्राहियो को पेंशन नहीं मिला है। 80 वर्षीय रामेश्वर, राधिका बाई, डुमरबाई, रामबती ने बताया पांच माह से पेंशन के लिए चक्कर लगा रहे है लेकिन पेंशन नही मिलने से भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया पहले आसानी से पेंशन मिलता था अब परेशानी हो रही है। वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से जीविकापार्जन करने में भारी परेशानी हो रही है। लगातार हर माह पंचायत और जनपद का चक्कर लगा रहे हैं। अब मिलेगा तब मिलेगा कहा जा रहा है लेकिन नहीं मिल पा रही है। वही दूसरी ओर दिव्यांग पेंशन वाले भी अपना परेशानी बताते हुए पेंशन जल्द भुगतान करने की मांग किया है।
- क्या कहते है पंचायत इंस्पेक्टर
पंचायत इस्पेक्टर राजकुमार ध्रुवा ने बताया कि आगे से ही पेंशन नही आई है पूरी जानकारी जिला स्तर में भेजा जा चुका है। उन्होने बताया जनपद तक ग्रामीण पेंशन की राशि की मांग करने आ रहे है। राजकुमार ध्रुवा से मिली जानकारी के अनुसार मैनपुर विकासखण्ड में वृद्ध पेंशन 7 हजार 822, विधवा पेंशन 2300 एवं दिव्यांग पेंशन 375 हितग्राहियो को वितरण किया जाता है।
