राज्यपाल रमेन डेका ने महानदी की महाआरती कर राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का किया भव्य शुभांरभ
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका राजिम पहुंचे। सर्वप्रथम उन्होंने भगवान श्री राजीवलोचन के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, राज्य गृह भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, जिला पंचायत के अध्यक्ष गौरीशंकर कष्यप, संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, कलेक्टर श्री बीएस उइके, वनमण्डलाधिकारी शषिगानंदन के, जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्यपाल रमेन डेका ने सपरिवार महानदी त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित महानदी की महाआरती में शामिल हुए और विधि-विधान से आरती किया। महाआरती में जबलपुर से पधारी साध्वी प्रज्ञा भारती के सान्निध्य में 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया। राज्यपाल श्री डेका सहित साधु-संतों ने अनुशासित एवं लयबद्ध ढंग से संपूर्ण विधि-विधान के साथ महानदी की आरती की। महाआरती के दौरान शंखनाद, कपूर, चंवर एवं आचमन के साथ जब एक साथ दीप प्रज्वलित हुए तो पूरा आरती घाट और मेला परिसर भक्तिरस से सराबोर हो गया।
महाआरती के दौरान त्रिवेणी संगम तट पर उपस्थित श्रद्धालु “जय-जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान करते नजर आए। महाआरती के दर्शन के लिए आरती घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। लोग लंबे समय से इस अलौकिक क्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे।
