भूमि संरक्षण विभाग के भ्रष्टाचार का दंश झेल रहे कमार परिवार, तालाब खुदाई के बाद नहीं मिला पैसा, कलेक्टर से लगाई गुहार
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- बेहराडीह में 6 कमार परिवारों का उपजाऊ जमीन को बना दिया तालाब, तालाब में नहीं रूकता पानी, जमीन भी खराब, पैसा भी नहीं मिला उधारी वाले कर रहे परेशान
- 4 हितग्राहियों की हो चुकी है मृत्यु लेकिन नहीं मिला तालाब का पैसा, सुशासन तिहार में पूरे परिजन पहुचेंगे ज्ञापन देने
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर क्षेत्र के ग्राम बेहराडीह मे भूमि संरक्षण विभाग के अफसरों द्वारा विशेष पिछड़ी आदिवासी कमार जनजाति परिवारों को चार वर्ष पहले बड़े -बड़े वायदा कर उन्हे मछली पालन का सुनहरा सपना दिखाकर उनके उपजाऊ कीमती जमीन पर 4-4 लाख रूपये के तालाब का निर्माण करवाया गया। कमार आदिवासी परिवारो को एक माह के भीतर पूरी राशि देने की बात कही गई थी जिसके कारण राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कमार जनजाति के लोग अपने घर में रखे कीमती सामाग्रियों को भी बेच बाचकर किसी ने 5 लाख रूपये तो किसी ने 6 लाख रूपये तक के तालाब खोदाई में भी अपने घर का पैसा डाल दिया।

लेकिन गलत मापदण्ड के चलते तालाब निर्माण करने से एक ओर न तो तालाब मे बारिश के दिनो मे भी पानी नहीं रूक पाती और गर्मी के दिनो का तो बात ही छोड़ दीजिए पूरा तालाब सुखा पड़ा है। साथ ही कमार परिवारों को अब तक भूमि संरक्षण विभाग द्वारा एक -एक हितग्राहियों को लगभग डेढ़ -डेढ़ लाख रूपये ही उनके खाते में डाला गया और ढाई -ढाई लाख रूपये आज तक नहीं मिला जबकि कमार जनजाति परिवारों ने तालाब खुदाई का पैसा की मांग को लेकर कई भूमि संरक्षण विभाग गरियाबंद कार्यालय का चक्कर लगा चुके है।
लेकिन उन्हे सिर्फ आश्वासन ही मिला आज तक पैसा नही मिला और तो और पूरा तालाब खुदाई का कार्य जेसीबी मशीन के द्वारा अधिकारियो द्वारा स्वयं करवाय गया है लगातार जेसीबी मशीन वाले पैसे की मांग को लेकर कमार परिवार से तगादा कर रहे हैं। जिससे कमार परिवार बेहद परेशान हो चुके है। अब कमार परिवारों ने गरियाबंद जिले के कलेक्टर भगवान सिंह उइके से गुहार लगाई है कि इस तालाब खुदाई की जॉच किया जाये और उनके तालाब खुदाई का पैसा उन्हे दिलाया जाये। साथ ही पैसा नहीं मिलने पर मैनपुर क्षेत्र में लगने वाले सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर मे पूरे कमार परिवारो द्वारा धरना देने की चेतावनी दिया गया है।
- तालाब का पैसा नहीं मिला, 4 हितग्राहियों की हो चुकी है मौत
तहसील मुख्यालय मैनपुर से महज 08 किमी दूर ग्राम पंचायत बोईरगांव के आश्रित ग्राम बेहराडीह कमार बाहुल्य ग्राम है और यहां विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के लोग निवास करते हैं। यहां के कमार परिवार के संतुराम कमार, श्रीराम कमार एवं राजमन कमार, राजकुमार कमार, पुनउराम एवं रामसिंग सांडे 6 हितग्राहियों के उपजाऊ जमीन पर भूमि संरक्षण विभाग गरियाबंद द्वारा अगस्त 2023 मे अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण मद से तालाब निर्माण मछली पालन के लिए तालाब का निर्माण करवाया गया। हितग्राही संतुराम कमार एवं श्रीराम कमार ने बताया कि 6 लोगों का तालाब खुदाई जेसीबी मशीन से करवाया गया है।
आज तक हम लोगों को पूरा पैसा नहीं मिला है जबकि चार हितग्राहियों की मौत हो चुकी है। कमार परिवारों ने बताया कि 4 साल पहले जनपद पंचायत मैनपुर के सीईओ और स्थानीय अधिकारियो के साथ भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी नरसिंग ध्रुव हमारे गांव पहुंचकर बैठक लेकर हम लोगों को मछली पालन करने के लिए तालाब खुदाई करवाने और उसमे सोलर पंप लगाने की बात कहते हुए हर माह मछली पालन से 20 से 25 हजार रूपये आमदनी होने की बात बताई थी। हमारे उपजाऊ जमीन पर मशीन से तालाब खोदाई करवा दिया गया लेकिन तालाब मे बारिश के दिनों में भी पानी नहीं रूकता। कभी मछली विभाग और भूमि संरक्षण विभाग तालाब निर्माण के बाद लौटकर नहीं देखे आज हम लोग बेहद परेशान है। लगातार जेसीबी मशीन वाला पैसा मांग रहा है लेकिन तालाब निर्माण के बाद भी हमे पैसा नहीं मिला।
- सुशासन तिहार में परिवार साथ धरना प्रदर्शन करेंगे
कमार परिवार संतुराम कमार एवं श्रीराम कमार सहित सभी हितग्राहियों के परिजनों ने बताया कि अब थक हारकर गरियाबंद कलेक्टर से फरियाद लगा रहे हैं कि तालाब निर्माण का पैसा उन्हे दिया जाये नहीं तो मजबुरन हम पूरे परिवार के साथ सुशासन तिहार शिविर मे धरना प्रदर्शन करेंगे जिसके लिए सारी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
- कमार परिवारों के साथ धोखा किया गया है, जांच किया जाये – सुकचंद ध्रुव
जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव ने बताया कि बेहराडीह मे तालाब निर्माण के साथ ही अन्य निर्माण कार्यो का पैसा अब तक नहीं मिला है। जिसके कारण कमार परिवार बेहद परेशान है। इस मामले की जॉच किया जाना चाहिए जेसीबी मशीन में तालाब खोदाई के बाद भी न तो वहां सौर ऊर्जा बोर खनन किया गया न ही मछली पालन किया गया जिम्मेदार अधिकारियो पर कार्यवाही होनी चाहिए।
- क्या कहते जिले के अफसर
कृषि विभाग गरियाबंद के उपसंचालक चंदन राय ने बताया मुझे इस मामले मे कोई जानकारी नहीं है। मछली विभाग के अफसर गांव पहुंचकर जायजा लेंगे और इस मामले पर पूरा फाइल देखकर ही कुछ बता पाउंगा।
