Recent Posts

July 31, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

आतंक मचाने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद -ग्राम केराबाहारा में पिंजरे में सुरक्षित पकड़ा गया तेंदुआ

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • वन विभाग की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका पर प्रभावी नियंत्रण

गरियाबंद । गरियाबंद जिले के वनांचल क्षेत्र के केराबाहरा के आसपास ग्रामों में पिछले एक माह से जमकर आतंक मचा रहे तेंदुआ को पिंजरे में पकड़ने में वन विभाग में बड़ी सफलता प्राप्त किया है वन विभाग द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया गरियाबंद वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र गरियाबंद के ग्राम केरावाहारा, ग्राम पंचायत जोबा क्षेत्र में विगत कुछ समय से तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखे जाने तथा ग्रामीणों एवं पालतू मवेशियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे थे। संबंधित क्षेत्र में तेंदुए द्वारा पूर्व में पालतू मवेशियों पर हमला किए जाने तथा विद्यालय परिसर एवं आबादी क्षेत्र के आसपास तेंदुए की उपस्थिति की सूचना प्राप्त होने के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बनी हुई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वनमण्डलाधिकारी गरियाबंद ससिगानंदन के. (भा.व.से.). उप निदेशक, उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व गरियाबंद एवं डॉ. राकेश वर्मा, वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी के साथ मोर्चा संभालते हुए ग्राम जोवा एवं ग्राम केरावाहारा में केज ट्रैप (Cage Trap) स्थापित किए गए थे तथा तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित रेस्क्यू कार्यवाही के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित Leopard Rescue Team को आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों सहित तैनात / उपलब्ध कराया गया था। इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन, छत्तीसगढ़ द्वारा भी आवश्यक अनुमति एवं निर्देश प्रदान किए गए थे।

  • पिंजरे में सुरक्षित आया तेंदुआ

वन विभाग की सतत् निगरानी एवं निर्धारित रणनीति के फलस्वरूप आज तेंदुआ केज ट्रैप (Cage Trap) में सुरक्षित रूप से आ गया। तेंदुए के पिंजरे में आने की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर पिंजरे को सुरक्षित किया गया तथा तेंदुए की गतिविधियों एवं स्वास्थ्य की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही थी। वन विभाग द्वारा तेंदुए की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उसे बिना किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए सुरक्षित रखा गया है। मौके पर अनावश्यक भीड़ न हो तथा वन्यजीव एवं आम नागरिक दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो. इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।

  • तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण

पकड़े गए तेंदुए का तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा विधिवत स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण में तेंदुए की सामान्य शारीरिक स्थिति, किसी प्रकार की चोट अथवा बीमारी, शारीरिक क्षमता तथा उसे प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की उपयुक्तता का परीक्षण किया जावेगा एवं स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर तेंदुए की आगे की कार्यवाही नियमानुसार की जाएगी।

ग्रामीण किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें तथा तेंदुए के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होने पर तत्काल निकटतम वन अमले को सूचित करें। वन विभाग द्वारा मानव जीवन एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।