जनपद पंचायत मैनपुर अध्यक्ष मोहना नेताम ने किया सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद। जनपद पंचायत मैनपुर के अध्यक्ष श्रीमती मोहना नेताम ने क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए ग्राम पंचायत खजूरपदर में मुख्य मार्ग से पुलिया तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का आडपाथर में पूजा अर्चना कर भूमि पूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोहना नेताम ने कहा कि गांव के विकास के लिए पक्की सड़कों का होना अत्यंत आवश्यक है। इस सीसी रोड के बन जाने से न केवल ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी, बल्कि राहगीरों और आसपास के लोगों को भी कीचड़ व धूल से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सड़क की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगे कहा सड़क निर्माण से बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी और बारिश के दिनों में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही गुणवत्ता से कोई समझौता न करते हुए समय पर कार्य पूरा करने के आदेश। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर खुशी जताई और जनपद अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से मिलेंद्र नागेश सरपंच ग्राम पंचायत खजूरपदर, पुरन नागेश, घनश्याम नागेश, नरसिंग नागेश वार्ड पंच, पुजारी नागेश वार्ड पंच, भगवानो नागेश, हेमकांत, झुमुक नागेश एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।
