शारदीय नवरात्रि को लेकर मैनपुर क्षेत्र के देवी मंदिरों में तैयारियां तेज
- सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों में भी उत्साह
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद । शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के सभी प्रमुख देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों में बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व को भव्य और व्यवस्थित रूप से मनाने के लिए मंदिरों के रंग-रोगन और सफाई का कार्य जोर-शोर से जारी है। दूसरी ओर मैनपुर नगर में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा दुर्गा उत्सव की तैयारियों को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। नगर मे भव्य पूजा पंडालों के निर्माण और आकर्षक विद्युत सजावट का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल पैरी उद्गम भाठीगढ़, कांदाडोंगर, नवागढ़ नवरात्र पर्व की तैयारी को लेकर बैठक का दौर जारी है यहां नवरात्र के दशमी पर देवदशहरा का आयोजन किया जाता है।
दुर्गा मंदिर मैनपुर के पुजारी पंडित योगेश शर्मा ने बताया शारदीय नवरात्र 2026 10 अक्टूबर रविवार से प्रारंभ हो रहा है जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समितियों और उत्सव समितियों के सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर मैनपुर क्षेत्र के देवी स्थलों में नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना, जवारा स्थापना, और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है।
