Recent Posts

October 6, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

मासूमों की सुरक्षा सर्वोपरी – गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने दिया निर्देश स्कूल छुट्टी के समय भारी वाहनों की नो एंट्री

  • शेख हसन खान, गरियाबंद
  • नागरिकों की मांग पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने दिया तत्काल निर्देश, पालको की चिंता होगी दूर
  • स्कूल खुलने और छुट्टी के समय भारी वाहनो से दुर्घटना की अंदेशा को लेकर पालकों ने पुलिस अधीक्षक से लगाई थी गुहार

गरियाबंद । गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर आज मंगलवार को मैनपुर पहुंचे इस दौरान नगर के वरिष्ठजनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग किया कि मैनपुर से 02 किमी दूर नवमुड़ा में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल संचालित किया जाता है और देहारगुड़ा मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के अलावा मैनपुर हायर सेकेण्डरी स्कूल मे सुबह 10 बजे स्कूल खुलने के समय हजारो बच्चे पढ़ाई करने जाते है तो वही शाम 4 बजे छुट्टी के समय बच्चे वापस घर लौटते है। इस दौरान बड़े भारी वाहनों और खासकर नवसिखिया बगैर लायसेंस के ट्रेक्टर चालको से दुर्घटना की अंदेशा बनी रहती है।

स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बच्चो की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस के जवानो की तैनाती करने की मांग किया गया जिस पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने तत्काल पुलिस जवान तैनात करने का निर्देश दिया है। ग्रामीणों की इस संवेदनशील समस्या को सुनते ही पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने मामले की गंभीरता को समझा और बिना किसी देरी के त्वरित कदम उठाया और तत्काल संबंधित थाना व पुलिस अधिकारियों को सख्त आदेश जारी किए हैं कि स्कूल खुलने और बंद होने (छुट्टी) के समय पुलिस बल अनिवार्य रूप से मौके पर तैनात रहे और लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) सुनिश्चित करे। स्थानीय नागरिको का कहना है कि मुख्य मार्ग होने के कारण इस इलाके में बड़े और तेज रफ्तार वाहनों का आना-जाना लगातार जारी रहता है जब स्कूल खुलते हैं या छुट्टी के वक्त बच्चे बाहर निकलते हैं, तब गाड़ियों के दबाव के कारण भारी अव्यवस्था फैल जाती है और मासूम बच्चों की जान जोखिम में पड़ जाती है ग्रामीणों ने इस दिशा में पुलिस गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई थी। एसपी वेदव्रत सिरमौर के इस तत्काल आदेश के बाद अब मैनपुर और नवमुड़ा क्षेत्र के सभी स्कूलों के आसपास निर्धारित समय पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। इससे न केवल तेज रफ्तार भारी वाहनों पर लगाम लगेगी, बल्कि बच्चों और उनके अभिभावकों को भी राहत मिलेगी। गरियाबंद पुलिस के इस त्वरित फैसले और तत्परता की ग्रामीणों एवं पालकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।