Recent Posts

September 18, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

कठिन परिश्रम और समय प्रबंधन से विद्यार्थी छुएंगे सफलता का आसमान – सांसद रूपकुमारी 

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत पहल के तहत गरियाबंद में हुई प्रतियोगिताएं
  • पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
  • सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में हुई शामिल

गरियाबंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत जिले में विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और विचारों को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, गरियाबंद में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस पहल के तहत विकसित भारत की संकल्पना, नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं। अभियान में ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की कल्पना को परिवार और समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजन में बच्चों ने विकसित भारत और प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 25 वर्षों के सेवाकाल में किये गये कार्यों को आकर्षक ड्राइंग के माध्यम से दर्शाया गया। साथ ही भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए भाषण प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर एवं नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर रणबीर शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक माता – पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें और परिवार एवं देश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने तथा समय का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ समाज की सोच में बदलाव आया है और आज बेटियां शिक्षा, खेल, रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमता पहचानकर आगे बढ़ने तथा विद्यार्थियों से मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने की अपील की।

राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना आवश्यक है तथा सफलता के लिए समय का सदुपयोग, निरंतर प्रयास और मेहनत जरूरी है। विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस दौरान अतिथियों ने रंगोली, चित्रकारी एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।