काले झंडे का इतना खौफ कांग्रेसी तो दूर भाजपा युवा मोर्चा गरियाबंद के पूर्व जिलाध्यक्ष डा योगीराज माखन कश्यप को भी शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में जाने से रोका
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी, जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में आमंत्रण कार्ड को लेकर भड़का गुस्सा
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में आज मंगलवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी एवं स्थानीय विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चन्दाकार,पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उईके एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए, एक तरफ जहां हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन किया जा रहा था। वहीं दूसरी ओर मैनपुर विश्राम गृह में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम में अपनी उपेक्षा को लेकर भारी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और कार्यक्रम का विरोध करते नजर आए।

- युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ योगीराज माखन कश्यप को पुलिस ने कार्यक्रम में जाने से रोका
शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आमंत्रण कार्ड में जहां नाम नहीं होने के कारण जिला पंचायत सदस्य एध मैनपुर जनपद सदस्य सहित पुरे विकासखंड क्षेत्र के कोई भी जनपद सदस्य कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। वही मैनपुर क्षेत्र के बड़े भाजपा नेता भी कार्यक्रम से अपने आपको किनारा कर लिए तथा कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। अतिथियों के लिए मंच पर लगाए गए कुर्सियां खाली नजर आ रही थी। वहीं दूसरी और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाजपा युवा मोर्चा गरियाबंद के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य डॉ योगीराज माखन कश्यप पहुंचे लेकिन उन्हें कार्यक्रम में जाने से पहले ही पुलिस ने रोक दिया। डा योगीराज माखन कश्यप काला कलर के शर्ट पहने होने के कारण पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान योगीराज माखन कश्यप द्वारा बताया गया कि वहां भाजपा के पदाधिकारी हैं साथ ही जनपद सदस्य है इसके बावजूद भी उन्हें कार्यक्रम में नहीं जाने दिया गया। इसकी जानकारी लगते ही स्थानीय जनपद सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रहा है। डॉक्टर योगीराज कश्यप ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में क्यों जाने नहीं दिया गया यहां समाझ से परे है जबकि उन्होंने अपना आइडेंटिटी कार्ड और लेटर पैड भी दिखाया।
- सुबह 6 बजे ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव और कांग्रेस कार्यकर्ता नजरबंद किए गए
कांग्रेस द्वारा सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी को क्षेत्र के समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की घोषणा एक दिन पहले ही किया गया था लेकिन कांग्रेसियों द्वारा काले झंडे दिखाने के डर से पुलिस ने आज सुबह 6 बजे ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव को उनके निवास से उठाकर मैनपुर थाना में लाकर नजरबंद कर दिया साथ ही ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेन्दु यादव एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पूरे कार्यक्रम समाप्त होते तक मैनपुर थाना में बिठाकर रखा। और सांसद के वापसी के दौरान उनसे मुलाकात करवाया गया इस दौरान कांग्रेसियों ने उन्हें आवेदन देकर समस्या समाधान करने की मांग किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव एवं महामंत्री गेन्दू यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, शाहिद मेमन, तनवीर राजपूत, डोमार साहू,लिकेश यादव, इम्तियाज मेमन,पारेश्वर नेताम,ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि हम लोगों को सुबह से ही पुलिस नजर बंद कर रखा था। क्या क्षेत्र की समस्या को बताना गलत है। सांसद आखिर क्षेत्र की जनता से क्यों डरती है। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान करने के बजाय उन्हें कुचलने का कार्य किया जा रहा है। यह गंभीर आरोप कांग्रेसियों ने लगाया, क्षेत्र की जनता की कीमती वोट से चुनाव जीतने वाले सांसद आज क्षेत्र की जनता से मुलाकात करने से कतरा रही है। आने वाले चुनाव में इसका जवाब क्षेत्र की जनता देगी।
- शाला प्रवेश उत्सव राजनीति का भेंट चढ़ा
गरियाबंद जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव को लेकर मैनपुर में उत्साह देखने को मिल रहा था लेकिन कुछ कथित जिम्मेदार अधिकारी के गैर जिम्मेदार रवैया के चलते जहां भाजपा के बड़े पदाधिकारीयों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ कई जनप्रतिनिधियों और तो और मीडिया के कई साथियों तक आमंत्रण कार्ड नहीं पहुंच पाई। बहरहाल कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है और इसकी शिकायत जल्द ही गरियाबंद कलेक्टर से किए जाने की तैयारी किया जा रहा है।
