ग्राम देवरी शरीफ में 18 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा 23वां सालाना उर्स पाक परचम कुशाई
- संदल जुलूस, आम लंगर और नातख्वानी का होगा भव्य आयोजन
- दूर-दूर से पहुंचेंगे अकीदतमंद, भाईचारे और सौहार्द का दिया जाएगा संदेश
गरियाबंद । गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र के ग्राम देवरी शरीफ स्थित आस्ताना हजरत सूफी शहीद इस्लाम शाह रहमतुल्लाह अलैह का 23 वां सालाना उर्स पाक 18 अक्टूबर को बेहद अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स के इस मुबारक मौके पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उर्स कमेटी ने क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले सभी अकीदतमंदों से कार्यक्रमों में शामिल होकर अपनी अकीदत पेश करने की अपील की है।
उर्स कमेटी से मिली जानकारी के मुताबिक
सुबह 7:00 बजे: परचम कुशाई के साथ उर्स पाक के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। दोपहर 11:00 बजे: दरूद ख्वानी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3:00 बजे: आम लंगर की शुरुआत होगी। दोपहर 3:00 बजे: पारंपरिक संदल जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें अकीदतमंद शामिल होकर अपनी परंपराओं का निर्वहन करेंगे। शाम (नमाज-ए-मगरिब के बाद): नातख्वानी और उलमा-ए-किराम की तकरीर का कार्यक्रम होगा। इस दौरान धार्मिक संदेशों के जरिए लोगों को नेक रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा। 19 अक्टूबर को सुबह 7:00 बजे कुल शरीफ की फातिहा होगी। उर्स कमेटी ने तमाम अकीदतमंदों से अपील किया है कि निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होकर उर्स पाक को सफल बनाएं और आपसी प्रेम एवं सदभावना का संदेश दें।
