चक्रवाती अर्नब का असर – गरियाबंद जिले के आसमान में छाया कुदरत का अनोखा रंग, लाल बादलों के मनोरम दृश्य ने खींचा सबका ध्यान
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- चक्रवाती तूफान के बीच हल्की हवाओं के साथ आसमान में छाए लाल बादल बने चर्चा का विषय
- स्थानीय लोगों ने इस दुर्लभ और खूबसूरत नजारे को अपने कैमरों में किया कैद, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
गरियाबंद । एक तरफ जहां चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव को लेकर मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है, वहीं गरियाबंद जिले के आसमान में प्रकृति का एक बेहद ही अद्भुत और दुर्लभ नजारा देखने को मिला है।
चक्रवाती हलचल के बीच आसमान में अचानक छाए लाल रंग के बादलों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हल्की हवाओं के साथ आसमान पर बिखरी इस लालिमा ने शाम के वक्त एक मनमोहक और अद्भुत दृश्य उत्पन्न कर दिया। कुदरत के इस नायाब रंग को देखकर ग्रामीण और शहरी दोनों ही इलाकों के लोग आश्चर्यचकित रह गए। इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए लोग अपने घरों की छतों और खुली जगहों पर आ गए। प्रकृति की इस अनोखी छटा को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद करने की होड़ सी मच गई। फिलहाल, सोशल मीडिया पर भी गरियाबंद के आसमान की ये लाल बादलों वाली तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और चर्चा का विषय बनी हुई हैं। मौसम प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों के लिए यह नजारा एक यादगार पल बन गया है।
