मैनपुर में स्थायी एसडीएम नहीं – आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को दो माह से राजस्व प्रकरण के लिए लगाना पड़ रहा चक्कर
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- देवभोग एसडीएम को दिया गया मैनपुर का अतिरिक्त प्रभार, सप्ताह में एक या दो दिन दे पा रहे समय
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गरियाबंद कलेक्टर से लगाई फरियाद
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के मैनपुर राजस्व अनुविभाग को काम चलाऊ एसडीएम के भरोसे छोड़ दिया गया है जिसके कारण इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैनपुर एसडीएम डाॅ तुलसीदास मरकाम को हटाने के बाद लगभग पिछले दो माह से मैनपुर में स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नहीं किया गया है। देवभोग एसडीएम को मैनपुर कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है जबकि देवभोग एसडीएम के पास पहले से काम का ज्यादा दबाव है जिसके कारण उनके द्वारा मैनपुर को पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा है। सप्ताह में 1-2 दिन ही देवभोग का एसडीएम मैनपुर कार्यालय पहुंच पाते हैं जिसके कारण इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो माह से राजस्व प्रकरण का कार्य ठप्प पड़ा हुआ है।

आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद राज्य स्तरीय और केन्द्रीय जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। और तो और दूर -दूर से प्रतिदिन बड़ी संख्या मे राजस्व विभाग के कार्य को लेकर ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंच रहे है लेकिन एसडीएम उपस्थित नहीं होने के कारण फरियादी मायूस होकर वापस लौट रहे हैं। अब तक मैनपुर में स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नहीं की गई है। मैनपुर अनुविभाग के लोगों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गरियाबंद के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल एवं गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके से मांग किया है कि मैनपुर मे तत्काल स्थायी एसडीएम की पदस्थापना किया जाये।
उल्लेखनीय है कि आज से 07 वर्ष पहले सितम्बर 2019 में मैनपुर क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगात मिला और मैनपुर को राजस्व अनुविभाग का दर्जा दिया जिसकी मांग लम्बे समय से मैनपुर क्षेत्र की जनता करते आ रहे थे और इस मांग को लेकर पुर्व में क्षेत्रवासियों ने लम्बे संघर्ष भी किये थे पहले मैनपुर राजस्व अनुविभाग नही होने के कारण भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा था और मैनपुर के लोगो को 80 किमी दूर देवभोग कार्यालय जाना पड़ता था लेकिन मैनपुर को राजस्व अनुविभाग का दर्जा मिलने के बाद हजारो ग्रामीणो को अब आसानी से अपनी राजस्व संबंधी समस्याओ का समाधान मैनपुर मे होने लगा हैं लेकिन पिछले लगभग दो माह से स्थायी एसडीएम नही होने के कारण ग्रामीणो को प्रशासनिक कामकाज मे भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम कार्यालय मे प्रतिदिन 50-60 किमी दूर से लोग पहुंच रहे है लेकिन स्थायी एसडीएम नही होने के कारण अपनी समस्या बताए बगैर ग्रामीणो को वापस लौटना पड़ रहा है।
बिन्द्रानवागढ़ विधायक ने कहा – बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने कहा मैनपुर मे स्थायी एसडीएम की तत्काल नियुक्ति किया जाना चाहिए क्योकि लोगो को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है इस मामले से वे स्वयं प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल एवं गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को अवगत करा कर जल्द स्थायी एसडीएम की मांग करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने इस संबंध मे चर्चा करने पर कहा मैनपुर अनुविभाग काफी लंबा चैड़ा क्षेत्रफल है और दूर -दूर से लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचते है मैनपुर मे एक सप्ताह के भीतर स्थायी एसडीएम की पदस्थापना करने मांग किया गया है।
