गरियाबंद जिले में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन के लिए 3 माह से भटक रहे हजारों बुजुर्ग
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- रोज लगा रहे कार्यालय का चक्कर
- 34 हजार 411 हितग्राहियों को नवम्बर, दिसम्बर व जनवरी का नहीं मिला वृद्धा पेंशन
गरियाबंद । बुढ़ापे का सहारा वृद्धा पेंशन 3 माह से नहीं मिलने के कारण गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर क्षेत्र के हजारों बुजुर्ग बेहद परेशान हो गये है और कई लोगों का जीवन सिर्फ इसी पैसे के सहारे चलता है। ऐसे लोगों का जीवन स्तर बेहद प्रभावित हो रहा है साथ ही पेंशन मिलने की आस में बैंकों, जनपद कार्यालय, पंचायत कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रहे हैं लेकिन हर बार उन्हे निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है।

जानकारी लेने पर समाज कल्याण विभाग गरियाबंद के उपसंचालक डी पी ठाकुर ने बताया पूरे गरियाबंद जिले में वृद्धा पेंशन योजना के कुल हितग्राही 24 हजार 507, विधवा पेंशन योजना के 9034 एवं दिव्यांग पेंशन योजना के 870 को मिलाकर कुल 34 हजार 411 हितग्राहियो को नवम्बर 2025, दिसम्बर 2025 एवं जनवरी 2026 तीन माह का पेंशन राशि नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि आगे से आबंटन ही नहीं आया है जबकि पूरी जानकारी भेजी जा चुकी है। इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से ऊपर के हितग्राही को प्रतिमाह 500 रूपये एवं 80 वर्ष के ऊपर हितग्राही को 650 रूपये, विधवा पेंशन 500 रूपये एवं दिव्यांग पेंशन 500 रूपये दिया जाता है जो अभी तक हितग्राहियों को नहीं मिल पाया है। वही दूसरी ओर राज्य स्तर का पेंशन समाजिक, सुखद, मुख्यमंत्री पेंशन योजना की राशि हर माह मिल रहा है।

मैनपुर जनपद पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार मैनपुर विकासखण्ड में वृद्ध पेंशन 7 हजार 822, विधवा पेंशन 2300 एवं दिव्यांग पेंशन 375 हितग्राहियों को वितरण किया जाता है लेकिन नवम्बर, दिसम्बर एवं जनवरी तीन माह का पेंशन नही मिलने से हितग्राही बुजुर्ग बेहद परेशान हो गये हैं। बुजुर्गो को तीन माह से वृद्धा पेंशन न मिलना एक गंभीर समस्या है जिससे उन्हे आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है कई वृद्धों को जिन्हे परिवार के सदस्यों का सहारा नहीं मिल रहा है, वे दर दर की ठोकरे खा रहे हैं। शासन एक ओर पेंशन राशि के माध्यम से वृद्धों को सहायता देने का दावा तो कर रही है लेकिन वास्तविक स्थिति कुछ और ही दिख रही है। हजारों हितग्राहियों को तीन माह से पेंशन नहीं मिला है।
70 वर्षीय श्रीमती डुमरबाई ने बताया कि 3 माह से पेंशन के लिए चक्कर लगा रहे हैं लेकिन पेंशन नही मिलने से भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया पहले आसानी से पेंशन मिलता था अब परेशानी हो रही है। दशरी बाई, मंगलीबाई, राधाबाई, देवकी बाई, जयंतीन बाई, तुलसी बाई ने बताया पिछले तीन माह से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से जीविकापार्जन करने में भारी परेशानी हो रही है। लगातार हर माह पंचायत और जनपद का चक्कर लगा रहे हैं। अब मिलेगा तब मिलेगा कहा जा रहा है लेकिन नही मिल पा रही है। वही दूसरी ओर दिव्यांग पेंशन वाले भी अपना परेशानी बताते हुए पेंशन जल्द भुगतान करने की मांग किया है।
बुजुर्ग रतीराम ने कहा कि हम वनांचल क्षेत्र के गरीब लोगों के लिए 500 रूपये वृद्धा पेंशन पर्याप्त है। हर माह समय पर पेंशन मिलने से दवा पानी आसानी खरीद लेते है लेकिन पिछले तीन माह से पेंशन नही मिला है जिसके कारण परेशानी हो रही है।
- क्या कहते हैं अधिकारी
पंचायत इंस्पेक्टर राजकुमार ध्रुवा ने बताया कि आगे से ही पेंशन नही आई है पूरी जानकारी जिला स्तर में भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया जनपद तक ग्रामीण पेंशन की राशि की मांग करने आ रहे हैं।
