सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान की शुरूआत
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- गरियाबंद जिले में आज 5 किशोरियों ने लगाई एचपीवी की वैक्सीन
गरियाबंद । गरियाबंद कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देश पर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएस नवरत्न के मार्गदर्शन में भारत सरकार के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए आज जिला अस्पताल गरियाबंद में टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। जिसमें 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। आज कुल 05 किशोरियों फजल चौधरी, अंजू सोम, कल्पना यादव, लबली ठाकुर और मिनाक्षी मानिकपुरी को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। टीका लगाए जाने के बाद इन सभी लाभार्थियों को 30 मिनट तक निगरानी कक्ष में रखा गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 6 हजार किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पात्रता के अनुसार वे किशोरियाँ टीकाकरण के लिए चयनित होंगी। जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। इसके लिए आधार कार्ड, अन्य पहचान पत्र या अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र मान्य होगा। जिला अस्पताल में यह टीकाकरण नियमित रूप से जारी रहेगा। कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. हरीश चौहान, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, अस्पताल प्रबंधक, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, सेक्टर सुपरवाइजर, स्टाफ नर्स, मितानिन और हितग्राहियों के परिजन उपस्थित थेे।
