पीने के पानी के लिए तरसते तहसील कार्यालय मैनपुर पहुंचने वाले ग्रामीण
- शेख हसन खान, गरियाबंद
गरियाबंद । गरियाबंद जिले के तहसील कार्यालय मैनपुर गौरघाट में दूर -दूर से पहुंचने वाले ग्रामीणों के लिए इस भीषण गर्मी में पेयजल की व्यवस्था नहीं है। यहां लंबे समय से फ्रीजर लगाने की मांग किया जा रहा है लेकिन इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और तो और पेड़ के नीचे दूर -दूर से पहुंचे लोग छांव की तलाश करते नजर आते है। मैनपुर नगर से 3 किमी दूर ग्राम गौरघाट में तहसील कार्यालय का नया भवन निर्माण किया गया है तब से तहसील कार्यालय का संचालन गौरघाट में किया जा रहा है और यहां राजस्व संबंधी अपनी समस्याओं को लेकर 40-50 किमी दूर से ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचते है। खासकर सप्ताहिक बाजार सोमवार और मंगलवार को भारी भीड़ लगी रहती है लेकिन तहसील कार्यालय में पहुंचने वाले ग्रामीणों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। यहां पहले पानी पीने के लिए आरो लगाया गया था, वह खराब पड़ा हुआ है।
सामने एक हैंडपंप है लेकिन हैंडपंप पानी लाल आयरनयुक्त होने के कारण इसका उपयोग नहीं कर पाते।
पूर्व में भी ग्रामीणों ने जिले के कलेक्टर को मांगपत्र सौंपकर तहसील कार्यालय में फ्रीजर लगाने की मांग किया गया था लेकिन आज फ्रीजर नहीं लगाया गया। इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचने वाले लोगों को हो रही है। उन्हे पीने के लिए तहसील कार्यालय में ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। वही तहसील कार्यालय के सामने लोगों के बैठने के लिए शेड निर्माण नहीं होने से पेड़ के नीचे बैठकर अपनी बारी का इंतिजार करते ग्रामीण नजर आते हैं। यहां बारिश और गर्मी को देखते हुए दूर -दूर से पहुंचने वाले ग्रामीणों के लिए शेड निर्माण की व्यवस्था कराया जाये साथ ही पेयजल की व्यवस्था करने की मांग क्षेत्र के लोगों ने किया है।
