ग्राम पंचायत इंदागांव के ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर 21 मई को चक्काजाम करने दिया चेतावनी, सरपंच के नेतृत्व में SDM को सौंपा ज्ञापन
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- इंदागांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बैंक, सड़क, उप तहसील, प्री मैट्रिक छात्रावास, नलजल योजना, तालाब गहरीकरण जैसे मांगों को लेकर ग्रामीण आंदोलन करने उतारू
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर मुख्यालय से 40 किमी दूर नेशनल हाइवे के ऊपर बसे ग्राम पंचायत इंदागांव के ग्रामीणों ने मूलभूत बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर नेशनल हाइवे 130 सी मुख्य मार्ग में 21 मई को चक्काजाम करने की चेतावनी दिया है। आज सोमवार को इंदागांव के सरपंच गुरूवारी बाई ध्रुव, उपसरपंच कांती बस्तिया के नेतृत्व मे ग्रामीण मैनपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है और अपनी मांगों को लेकर चक्काजाम करने की बात कही है। इस दौरान एसडीएम हितेश्वरी बाघे ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके मांगों को उच्च अफसरों तक पहुंचाकर समस्या का समाधान किया जायेगा। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को चक्काजाम जैसे कदम नहीं उठाने की अपील किया है और जल्द ही समस्या समाधान करने की बात कही है।
नेशनल हाइवे मैनपुर देवभोग मार्ग मे बसे ग्राम पंचायत इंदागांव की जनसंख्या लगभग 3500 के आसपास है और इसके आश्रित ग्राम अमली जो पहाड़ों के ऊपर बसा हुआ है। वहा पहुंचने के लिए आज तक सड़क का निर्माण नहीं किया गया है।
इंदागांव ग्राम पंचायत के ग्रामीण इस भीषण गर्मी में पेयजल समस्या से जुझ रहे हैं। कहने को तो यहां लाखों रूपये की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया गया है लेकिन लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है जिसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच गुरूवारी बाई ध्रुव, उपसरपंच कांती बस्तिया, पंच नरसिंग ध्रुव, लोखुराम बस्तिया, केसरी ध्रुव, रूपेश मसीह, रमेश प्रधान, नन्हेसिंह यादव, राजकुमार कश्यप, विपिन यादव एवं ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 79 वर्षो बाद भी हम लोग बुनियादी सुविधाओ के लिए तरस रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घोषणा के बाद इंदागांव में उप तहसील की घोषणा किया गया था लेकिन कुछ दिन ही यहां अस्थायी रूप से उप तहसील का संचालन किया गया। उसके बाद अब संचालन नहीं हो रहा है जिसके कारण छोटे -छोटे राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को 40 किमी दूर मैनपुर आना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नियमित रूप से उप तहसील संचालित करने की मांग किया है।
- प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की मांग वर्षो पुरानी
इंदागांव में कहने को तो उपस्वास्थ्य केन्द्र खोला गया है लेकिन सुविधाओं की कमी के चलते इस क्षेत्र के लगभग 50 से 60 ग्रामों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का जो लाभ मिलना चाहिए नहीं मिल पा रहा है । ग्रामीण मजबूरन ओड़िशा और रायपुर धमतरी इलाज कराने जाने मजबुर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इंदागांव में 20 बिस्तर वाले सर्व सुविधायुक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र साथ ही एंबुलेंस सुविधा की मांग किया है। राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलन के अलावा प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास और श्यामा तालाब गहरी करण की मांग किया है।
- पहाड़ी के ऊपर तालाकोट अमली तक पक्की सड़क निर्माण की मांग
इंदागांव के ग्रामीणो ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग 130 सी थाना से ओड़िशा सीमा ग्राम तालाकोट अमली दूरी 03 किमी तक जनमन योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क निर्माण की मांग किया है। ग्रामीणों ने बताया कि अमली मे विशेष पिछड़ी जनजाति कमार भुंजिया आदिवासी निवास करते हैं, लेकिन यहां आने जाने के लिए सड़क सुविधा नहीं होने के कारण बारिश के दिनो मे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां तक न तो एंबुलेंस पहुंच पाती है और न ही राशन सामाग्री सरकार को चाहिए कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए सड़क निर्माण किया जाये और इंदागांव उपरपारा में नलजल योजना अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण किया गया है लेकिन लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पृथक से 63 केव्ही ट्रांसफार्मर लगाया जाये नलजल योजना अंतर्गत घर -घर घरेलु पाईप कनेक्शन जोड़ा जाये। इस मांगों को लेकर लंबे समय से ग्रामीण संघर्ष कर रहे है लेकिन अब तक मांग पूरा नहीं हुआ है।
- क्या कहते हैं सरपंच
ग्राम पंचायत के सरपंच गुरूवारू बाई ध्रुव, उपसरपंच कांती बस्तिया, केसरी सिंह ध्रुव, रूपेश मसीह एवं ग्रामीणो ने बताया पूर्व मे भी गांव की समस्याओं को लेकर ग्रामीण कई बार मांग कर चुके है। धरना प्रदर्शन के साथ चक्काजाम भी किया जा चुका है। हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है। अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नही हुई है जिसके कारण मजबूरन ग्रामीण चक्काजाम करने बाध्य हो रहे हैं।
