मैनपुर में कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के दौरान पुलिस और कांग्रेसियों में जोरदार झड़प
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- कांग्रेस द्वारा जंगी रैली निकाल नकटी गांव में गरीबों के घरों को तोड़ने के खिलाफ उग्र प्रदर्शन
गरियाबंद । बरसात के इन दिनों में भाजपा सरकार द्वारा नकटी गांव में ग्रामीणों के मकानों को तोड़े जाने और गरीब परिवार को बेसहारा किये जाने के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर द्वारा आज गुरूवार शाम तहसील मुख्यालय मैनपुर में जंगी रैली निकाल भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बस स्टैंड पहुंचे और मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया। पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ को पुलिस के बीच भारी झड़प देखने को मिली पुलिस द्वारा जलते पुतले पर पानी डालकर बुझाया गया और उसे अपने साथ ले गये। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा जब से भाजपा की सरकार बनी है। छत्तीसगढ़ के जनता की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। विधायक आवास के नाम पर गरीबों के आसियाने को बुलडोजर से जमीदोज कर दिया गया और तो और इस भाजपा सरकार को गरीबों के आंसु छोटे -छोटे बच्चों के चीख और पुकार भी नहीं सुनाई दी और बरबरतापूर्वक मकानों को तोड़ दिया जबकि बारिश के दिनों में परिंदों के घोसलो को कोई उजाड़ता नहीं लेकिन यह भाजपा की सरकार गांव गरीब किसान मजदूर आदिवासी विरोधी सरकार है। इस सरकार को गरीबों के आंसू आने वाले चुनाव मे बहा ले जायेगी।
ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री गेंदु यादव ने कहा भाजपा सरकार गरीबो के साथ जो अमानवीय कदम उठाया है उसे प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी आज भाजपा के नेता जो गरीबों के हितों की बात करते थे। श्री यादव ने कहा भाजपा सरकार दमनकारी सरकार है लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर भी यह सरकार डरती है और पुलिस को आगे करती है और आंदोलन को कुचलने का कार्य करती है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेंदु यादव, नेहाल नेताम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष दुलेन्द्र नेगी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पारेश्वर नेगी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष शाहिद मेमन, युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सामंत शर्मा, डोमार साहू, तनवीर राजपूत, पवन जगत, लोकनाथ साहू, देवन दीवान, गजेन्द्र यादव, लिकेश यादव, घनश्याम, जाकिर रजा, लिलेश साहू, इम्तियाज मेमन, तीवकुमार सोनी सहित बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
