देव स्थल पर अवैध ढाबा के संचालन को लेकर भड़के बरदुला के ग्रामीण – मैनपुर पहुंच एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग किया गया
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- देव स्थल से अवैध ढाबा नहीं हटाई गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी सारी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी
गरियाबंद । मैनपुर क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य ग्राम बरदुला स्थित पवित्र देव स्थल पर अवैध रूप से संचालित हो रहे एक ढाबे को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है आस्था के केंद्र पर अनाधिकृत कब्जे और ढाबा संचालन से आक्रोशित ग्रामीणों ने लामबंद होकर मैनपुर तहसील मुख्यालय का रुख किया और उपविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि बरदुला स्थित देव स्थल पूरे आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है पिछले कुछ समय से इस पवित्र परिसर में अवैध रूप से ढाबे का संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थल की पवित्रता भंग हो रही है और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाइश देने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो ग्रामीणों को उग्र रुख अपनाने पर मजबूर होना पड़ा। आज बुधवार को जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मैनपुर पहुंच प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द अवैध कब्जे को ध्वस्त कर ढाबा बंद नहीं कराया गया, तो पूरा आदिवासी समाज सहित क्षेत्र के लोग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, अध्यक्ष श्रवण कुमार, हुलारसिंह, देवीसिंह कमलेश, भुनेश्वर मरकाम, भुपेन्द्र कमलेश, अरामसिंह देववंशी, आत्माराम नेताम, गोरेलाल नागेश, यशवंत नेगी, यशकुमार, कैलाश, राधेश्याम नेताम, केसर नागेश, गोरेलाल नागेश, पारेश्वर नागेश, पूर्व सरपंच सहदेव सांडे, डोलेश्वर नेताम, खेमराज ठाकुर सहित ग्रामीणो ने बताया ग्राम पंचायत बोईरगांव बरदुला नेशनल हाइवे 130 सी मैनपुर देवभोग मार्ग के किनारे हमारे गांव का पारंपरिक पेनशक्ति दण्डराव देवस्थल स्थापित है जिसका हम ग्रामवासी आदिवासी संस्कृति रुडीपरम्परा अनुसार गुनिया, बैगा, झाकर पद्धति से उसके पर्व के दिन में पूजा याचना करते आ रहे हैं।
ग्रामसभा बरदुला द्वारा देवस्थल हेतु उक्त भूमि को आरक्षित किया गया है उक्त देवस्थल (खसरा क्र 160 मद शासकीय भूमि राजस्व बेहराडीह) में रामेश्वर सिन्हा पिता हिराधर सिन्हा ग्राम बरदुला द्वारा अवैध कब्ज़ा कर ढाबा खोला गया है जिससे अनेक प्रकार के वाहनों के रुकने से व्यक्तियों द्वारा देव स्थल के पास पेशाब एवं शौच किया जाता है जिससे हम समस्त ग्रामवासी आदिवासी भाई बहनों की भावनाएं आहत हो रही है। साथ ही हमारे देवस्थल के आस पास हल जोताई कर पेन शक्ति दण्डराव देवस्थल के प्राकृतिक मूल स्वरुप को नष्ट किया जा रहा है जिसके चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मैनपुर से मांग किया है कि देव स्थल के पास संचालित अवैध ढाबा को तत्काल बंद किया जाये तथा देव स्थल की भूमि को कब्जा मुक्त आरक्षित किया जाये। ग्रामीणों ने बताया कि 13 सितम्बर दिन रविवार को देव स्थल क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा पौधा रोपण किया जा रहा था। इस दौरान ढाबा के मालिक रामेश्वर सिन्हा के द्वारा गाली गलौच किया गया। तत्काल इस मामले मे उचित कार्यवाही किया जाये अन्यथा हम ग्रामीण उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगे जिसकी सारी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
