Recent Posts

October 18, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

आदिवासी परंपरा अनुसार 20 अक्टूबर को भाठीगढ़ में देवी देवताओं के द्वारा शौर्य प्रदर्शन रैनी मारकर गढ़ चढ़ाई कर देव दशहरा मनाई जायेगी

  • शेख हसन खान, गरियाबंद
  • पैरी उद्गम भाठीगढ़ में 19 अक्टूबर से चार दिवसीय ऐतिहासिक देवदशहरा का होगा शुभारंभ

गरियाबंद । जिले के मैनपुर तहसील मुख्यालय से 03 किमी दूर पैरी उद्गम ग्राम भाठीगढ़ में इस वर्ष भी पारंपरिक आस्था और धूमधाम के साथ चार दिवसीय ऐतिहासिक देवदशहरा महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ग्राम विकास समिति, दशहरा उत्सव समिति तथा समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में यह आयोजन 19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक दशहरा मैदान भाठीगढ़ में संपन्न होगा। मिली जानकारी के अनुसार, चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे आदिवासी परंपरा अनुसार 19 अक्टूबर (सोमवार) देवदशहरा का शुभारंभ नवमी देवी यात्रा एवं ध्वजा चढ़ाई कार्यक्रम के साथ किया जायेगा।

मुख्य आयोजन दशहरा पर्व 20 अक्टूबर (मंगलवार) को क्षेत्रभर के देवी देवताओ के भाठीगढ़ पहुंचने पर परंपरा अनुसार स्वागत सत्कार के बाद पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन एवं रैनी मार गढ़ चढ़ाई कर देव दशहरा मनाई जायेगी। 21 अक्टूबर (बुधवार) गजभारन, देवी पूजन एवं देवी-देवताओं की ससम्मान विदाई 22 अक्टूबर (गुरुवार) को माता की गुढ़ी मे पहुंच देवी शांति एवं देवदशहरा का औपचारिक समापन।

मोर गंगा नाच पार्टी बनेगी मुख्य आकर्षण – महोत्सव के दूसरे दिन यानी 20 अक्टूबर (मंगलवार) को रात्रि 9 बजे से लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम मोर गंगा नाच पार्टी (ग्राम-डोकराभाठा, खैरागढ़) का भव्य आयोजन किया जाएगा। दशहरा मैदान में होने वाली इस रात्रिकालीन प्रस्तुति को लेकर ग्रामीणों व आसपास के अंचलवासियों में खासा उत्साह है।

समिति ने की शामिल होने की अपील – ग्राम विकास समिति एवं दशहरा उत्सव समिति भाठीगढ़ के पदाधिकारियों व सलाहकारों ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं सभी से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पहुँचकर इस ऐतिहासिक देवदशहरा महोत्सव का धर्मलाभ उठाएँ और कार्यक्रम को सफल बनाएँ।

एक नज़र इधर भी देखे...