सोशल मीडिया सिरफिरा नामक आईडी को लेकर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता, सुशासन तिहार में कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- गरियाबंद कलेक्टर ने दिया आश्वासन, जल्द होगा मामले का खुलासा
- ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने कहा- एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही नहीं होने पर थाना के सामने करेंगे धरना प्रदर्शन
गरियाबंद । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन तिहार के तहत मैनपुर के गौरघाट में शिविर का आयोजन किया गया था। आज उस समय हड़कंप मच गई जब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे मंच पर पहुंचे और गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को ज्ञापन सौंपकर सोशल मिडिया फेसबुक सिरफिरा नामक आईडी की जॉच कर दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग करने लगे। गरियाबंद कलेक्टर ने मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराकर जल्द कार्यवाही करवाने का आश्वासन दिया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव एवं कांग्रेस नेताओ कार्यकर्ताओ ने बताया कि सोशल मिडिया फेसबुक सिरफिरा नामक आईडी बनाकर क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियो के साथ सभी राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजनों के बारे में पिछले कई वर्षो से अभ्रद टिप्पणी और अनाप सनाप शब्दों का उल्लेख कर वरिष्ठ लोगों की छबी धुमिल करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। लगभग 6 माह पहले इस सिरफिरा नामक आईडी मे फोटो के साथ छेड़छाड़ कर नग्न तस्वीर डालकर अनाप सनाप लिखा गया और तो और जिले के आला अफसरों के साथ ही जनता के द्वारा चुने गये। बड़े -बड़े जनप्रतिनिधियो के खिलाफ भी लगातार उनके छबी को धुमिल करने पोस्ट किया जाता रहा है। जब मामला हद से ज्यादा बढ़ गया तो क्षेत्र के लोगों में भारी नराजगी देखने को मिला और इसकी शिकायत 22 नवम्बर 2025 को मैनपुर थाना में लिखित में किया गया था लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और गुस्सा देखने को मिल रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने कलेक्टर से मांग किया कि एक सप्ताह के भीतर इस मामले की खुलासा करते हुए दोषियो पर ठोस कार्यवाही किया जाये अन्यथा मैनपुर थाना के सामने बैठकर धरना प्रदर्शन करने बाध्य होंगे। इस मौके पर प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष दुलेन्द्र नेगी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पारेश्वर नेगी, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शाहिद मेमन, महामंत्री निहाल नेताम, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, तनवीर राजपूत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सामंत शर्मा, कमार समाज के नेता पिलेश्वर सोरी, लोकेश सांडे, देव ध्रुव एवं बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता व क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।
