Recent Posts

April 28, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

1 मई से सुशासन तिहार 2026 – मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद विधायक पहुंचेंगे गांव- गांव

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • गरियाबंद जिले में 4 मई से 10 जून तक विभिन्न गांवों में लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

गरियाबंद । राज्य शासन द्वारा जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम जनता को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाओं का उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया गया है। राज्य शासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 01 मई से 10 जून की अवधि में ग्रामीण क्षेत्र में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रं के प्रत्येक 15-20 ग्राम पंचायतों में एक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह नगरीय क्षेत्र में वार्डों एवं क्लस्टरों के आधार पर जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा इन शिविरों में शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही शिविर में प्राप्त आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन के निराकरण की सूचना अनिवार्य रूप से प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद और विधायक होंगे शामिल*
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के अलावा अभियान के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री, सांसद, विधायकगणों के अलावा मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान उनके द्वारा विकास कार्यों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण के पश्चात दोपहर बाद जिला मुख्यालयों में अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी। जिसमें समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं व परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही बैठक में आगामी कार्य योजना पर भी चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा समीक्षा बैठक में शामिल होने के उपरांत प्रेस वार्ता भी ली जाएगी। इस दौरान वे विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों से भेंट भी करेंगे।

  • गरियाबंद जिले में 4 मई से 10 जून तक विभिन्न गांवों में होगा शिविर

गरियाबंद जिले मे सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का कार्यक्रम 04 मई को फिंगेश्वर के ग्राम पंचायत भवन सेम्हरतरा में आयोजित की जाएगी। इसी तरह 05 मई को छुरा विकासखण्ड के हाई स्कूल प्रांगण पाटसिवनी में, 06 मई को गरियाबंद विकासखड के शासकीय हाई स्कूल परिसर मौहाभांठा में, 07 मई को मैनपुर विकासखण्ड के नवापारा के छात्रावास परिसर में तथा 08 मई को देवभोग विकासखण्ड के मुड़ागांव के शहीद भीष्म कुमार यदु हाई स्कूल परसिर में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार 11 मई को फिंगेश्वर विकासखण्ड शासकीय प्राथमिक शाला पोखरा, 12 मई को छुरा विकासखण्ड को ग्राम पंचायत भवन नवापारा, 13 मई को गरियाबंद विकासखण्ड भुतेश्वरनाथ धाम परिसर मरौदा, 14 मई को मैनपुर विकासखण्ड के हाई स्कूल परिसर झरगॉव और 15 मई को देवभोग विकासखण्ड के शासकीय मिडिल स्कूल मुगझर, 18 मई को फिंगेश्वर विकासखण्ड के प्राथमिक शाला भेण्ड्री में, 19 मई को छुरा विकासखण्ड के धान उपार्जन केंद्र कनसिंघी में, 20 मई को गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भवन बिन्द्रनवागढ़ में, 21 मई को मैनपुर विकासखण्ड के बुड़गेलटप्पा में, 22 मई को देवभोग विकासखण्ड के शासकीय हाई स्कूल चिचिया में, 25 मई को फिंगेश्वर विकासखण्ड के शासकीय हाई स्कूल बोरसी में, 2़6 मई को छुरा विकासखण्ड के ग्राम नागझर के बाजार शेड में, 28 मई को गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भवन खरहरी में, 29 मई को मैनपुर विकासखण्ड के शासकीय स्कूल गोना में, 01 जून को फिंगेश्वर विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला भेण्ड्री, 02 जून को छुरा विकासखण्ड में गायडबरी के आश्रम शाला के पास, 03 जून को गरियाबंद विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला आमदी द में और 04 जून को मैनपुर विकासखण्ड के गोपालपुर में शिविर लगाए जाएंगे। जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।