Recent Posts

November 3, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

अंधेरे में आदिवासी कमार जनजाति ग्राम छिंदौला – हाथियों की दस्तक के बीच चार दिन से ट्रांसफार्मर ठप, दीपावली पर भी पसरा सन्नाटा

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • सरपंच और ग्रामीणों ने गरियाबंद कलेक्टर से तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल करने की लगाई गुहार

गरियाबंद । मैनपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल में स्थित हाथी प्रभावित ग्राम पंचायत दबनई के आश्रित ग्राम छिंदौला के ग्रामीण इन दिनों दोहरे संकट का सामना कर रहे हैं। विशेष पिछड़ी कमार जनजाति आदिवासी बाहुल्य इस गांव में चार दिन पहले बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से वह पूरी तरह जलकर बंद हो चुका है। ट्रांसफार्मर जलने से पूरा गांव अंधेरे के साए में डूब गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इन दिनों गांव के आसपास हाथियों का दल लगातार मंडरा रहा है। रात के समय अंधेरा होने के कारण ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

वहीं, दूसरी ओर दीपावली जैसा प्रमुख त्यौहार सिर पर है, लेकिन गांव में रोशनी का नामोनिशान नहीं है। हालात इतने विकट हो चुके हैं कि ग्रामीणों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आपात स्थिति में किसी से संपर्क साधना भी मुश्किल हो गया है। ग्राम पंचायत दबनई की सरपंच रमशीला बाई नेताम एवं ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया है। बिजली विभाग की इस उदासीनता से आहत सरपंच और ग्रामीणों ने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा से गुहार लगाई है उन्होंने मांग की है कि कमार जनजाति आदिवासी बाहुल्य इस संवेदनशील और हाथी प्रभावित गांव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाए और दीपावली से पूर्व विद्युत व्यवस्था बहाल कर ग्रामीणों को राहत दी जाए।

एक नज़र इधर भी देखे...