Recent Posts

October 26, 2026

समाचार पत्र और मीडिया है लोकतंत्र के प्राण, इसके बिन हो जाता है देश निष्प्राण।

आदिवासी विकास मैनपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की ज़मीनी हक़ीकत परखने पहुंचीं नीति आयोग की केंद्रीय प्रभारी ऋचा प्रकाश चौधरी

  • शेख हसन खान, गरियाबंद 
  • आयुष्मान आरोग्य केंद्र से लेकर आंगनबाड़ी तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
  • अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

गरियाबंद। नीति आयोग के ‘आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम’ के तहत भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की उप सचिव एवं आईएएस अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज सोमवार को आकांक्षी विकासखंड मैनपुर का सघन मैदानी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामुदायिक विकास से जुड़े शासकीय संस्थानों की जमीनी स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया। संस्थानों की सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता को परखा ,भ्रमण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ग्राम देहरगुड़ा स्थित शासकीय विद्यालय,भाटीगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र तथा बरदुला-बोइरगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र में नवनिर्मित पीएनसी (प्रसवोत्तर देखभाल) कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इन केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों, सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।

  • गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सीखने के स्तर पर विशेष जोर

शासकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान सुश्री चौधरी ने शिक्षकों से सीधा संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा स्कूल में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने के निर्देश दिए।

  • मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की समीक्षा

आंगनबाड़ी एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से चर्चा की। सुश्री चौधरी ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और ग्रामीणों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।

  • जनभागीदारी और समयबद्ध निराकरण के निर्देश

मैदानी निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर व्यावहारिक कठिनाइयों को समझा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय समन्वय को मजबूत कर सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए तथा स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जिला पंचायत गरियाबंद के सीईओ प्रखर चंद्राकर मैनपुर जनपद सीईओ गैदलाल चुरेंद्र, मनरेगा परियोजना अधिकारी कपिल नायक, पंचायत इंस्पेक्टर राजकुमार धुर्वा, आकांशी विकासखंड फेलो देवेंद्र कुमार ,महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी श्रीमती लीलावती सेन एवं जिला एवं खंड स्तरीय विभागीय अधिकारी, मैदानी कर्मचारी, शिक्षक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।