विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ राजिम कॉलेज में युवा संवाद MLA रोहित साहू बोले- संवाद से ही मिलता है हर समस्या का समाधान
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- युवाओं के कंधों पर देश का भविष्य राजिम के राजीव लोचन कॉलेज में गूंजा लोकतंत्र और विकास का संदेश
- सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विधायक ने की 50 हजार रुपये की घोषणा
गरियाबंद । शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम में ‘विकसित भारत की ओर लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर एक भव्य और सार्थक युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
समारोह के मुख्य अतिथि राजिम विधायक श्री रोहित साहू रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था प्रमुख डॉ. के. आर. मतावले ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना, सामूहिक राज्यगीत (अरपा पैरी के धार), राष्ट्रगान और वंदे मातरम के साथ हुआ। एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी श्री आकाश बाघमारे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
- युवाओं से संवाद और संकल्प
मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद से ही हर समस्या का समाधान निकलता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश और क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहें, राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर मतदान करें और वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। इस दौरान विधायक ने एनएसएस के छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वेशभूषा के लिए 50,000 रुपये की राशि स्वीकृत करने की भी घोषणा की।
जनभागीदारी अध्यक्ष सुश्री छाया राही ने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्न पूछना सबसे बड़ा अधिकार है और युवाओं को सजग होकर विकास से जुड़े सवाल पूछने चाहिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रिकेश साहू और भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री अभिषेक सोनकर ने भी लोकतंत्र की मजबूती और मतदान की शक्ति पर अपने विचार रखे।
- विधायक और अतिथियों से सीधे रूबरू हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा खुला प्रश्न-मंच सत्र रहा, जहाँ छात्र-छात्राओं ने अतिथियों से खुलकर सवाल किए। छात्र खेमराज साहू ने विकास कार्यों के लिए बजट निर्धारण, आवंटन और स्वीकृति प्रक्रिया पर सवाल पूछा। कुमारी सोनम साहू ने क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और बहुचर्चित पेपर लीक के विषय पर अपनी बात रखी।
कुमारी मधु पाल ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए परिवहन व्यवस्था बेहतर करने की मांग उठाई।
मंच पर मौजूद अतिथियों और विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों का विस्तृत और संतोषजनक समाधान किया।
कार्यक्रम में सुश्री छाया राही, श्री अभिषेक सोनकर, श्री दीपक साहू, श्री रिकेश साहू, श्री कुलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्राध्यापकगण, महाविद्यालय के कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंच का कुशल संचालन श्रीमती क्षमा शिल्पा चौहान ने किया।
