आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विकास के संगम का प्रतीक बनेगा गोंडवाना भवन – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण
- मुख्यमंत्री ने किया 63 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा
- कभी यहां नक्सलवाद का खौफ था आज शान्ति और विकास का माहौल है -मुख्यमंत्री
गरियाबंद । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बुधवार को गरियाबंद जिले के ग्राम दर्रापारा में अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड महासभा केंद्रीय समिति बिन्द्रानवागढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एक करोड़ 07 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री का आदिवासी परंपरा के अनुरूप पगड़ी पहनाकर एवं पीला चावल से तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आदिवासी देवस्थल देवठाना में परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मंत्रीगणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी वृक्षारोपण किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कचना ध्रुवा की पवित्र भूमि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। गोंडवाना भवन के निर्माण के लिए समाज को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने आशीर्वाद देकर हमारी सरकार बनाई है और हम “मोदी की गारंटी” के अनुरूप निरंतर कार्य कर रहे हैं। सरकार बनने के ढाई वर्ष में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में अनेक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरचार्ज माफी का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली कार्यालय में पंजीयन कराएं। प्रदेश में अब तक 757 करोड़ रुपए का बिजली बिल माफ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल डिजिटल केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आय, जाति एवं अन्य प्रमाण पत्र आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आमजन की शिकायतों के निराकरण की जानकारी देते हुए कहा कि खाता विभाजन, फौती, ट्रांसफार्मर सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। जिनमें- भवन की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 27 लाख रुपए- छात्र-छात्राओं के लिए ग्रंथालय हेतु 20 लाख रुपए ,भगवान कचना ध्रुवा की मूर्ति स्थापना हेतु 6 लाख रुपए एवं भवन सौंदर्यीकरण हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा की।
- संस्कृति संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर समाज बनाना लक्ष्य – राम विचार नेताम
आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि समाज की मांग और सोच के अनुरूप लगभग ढाई एकड़ भूमि में यह बेहतर भवन तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा समाज देश के कोने-कोने में है और आज सबसे बड़ी चुनौती अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए समाज को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित –
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी, कार्यक्रम संयोजक एवं अखिल भारतीय अमात गोड़ समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष ओंकार शाह, शिशुपाल सोरी, नीलकंठ टेकाम, आसाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, सोहन लाल ध्रुव, अजय रोहरा, आशीष शर्मा, गफ्फु मेमन, श्रीमति लोकेश्वरी नेताम, महेन्द्र नेताम, खेदु नेगी, पन्नालाल ध्रुव, अमृत नागेश, चंद्रकिशोर नागेश, कल्याण कपिल, भागसिंग कोमर्रा, कलेक्टर भगवान सिंह उइके , पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महासभा के सदस्य, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
