श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बाजार चौक मैनपुर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता सरपंच एवं उपसरपंच विजेता टीम को पुरस्कार वितरण किया
- शेख हसन खान, गरियाबंद
मैनपुर -गरियाबंद जिले के ब्लॉक मुख्यालय मैनपुर स्थित बाजार चौक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बालवीर समिति मैनपुर द्वारा विशाल मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान बाजार चौक पूरी तरह से ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न गोविंद टोलियों के युवाओं ने ऊंचे लोहे के पोल पर बांधी गई दही मटकी को फोड़ने के लिए हैरतअंगेज पिरामिड बनाए और अपनी ताकत व संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में क्षेत्र के ग्राम पंचायत मैनपुर के सरपंच श्रीमती हनीता नायक एवं उपसरपंच अनीश सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को समिति की ओर से नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में बालवीर समिति के इस पारंपरिक और भव्य आयोजन की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी।
*समिति के संरक्षक गेंदु यादव ने कहा पिछले 30-35 वर्षों से बाजार चौक मैनपुर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ गणेश उत्सव का कार्यक्रम किया जाता है*पूरे आयोजन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। देर शाम तक चले इस भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का नगरवासियों एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया।
