देवभोग की समस्याओं का अब होगा अंत -क्षेत्र की तकदीर बदलने आ गया समाधान मंच
- शेख हसन खान, गरियाबंद
- समाधान मंच के कन्हैया मांझी सर्व सम्मति से अध्यक्ष चुने गए
- बेलाट नाला निर्माण को लेकर किया जायेगा आन्दोलन, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार पर भी चर्चा
- बैठक के दौरान शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के अंतिम छोर में बसा देवभोग क्षेत्र के विकास के लिए समाधान मंच का गठन किया गया है। आज रविवार को समाधान मंच की महत्वपूर्ण बैठक सोसायटी परिसर में आयोजित किया गया जिसमें क्षेत्र के विभिन्न बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए चर्चा किया गया। साथ ही इस संगठन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए पदाधिकारियों का चुनाव किया गया जिसमें अध्यक्ष कन्हैया मांझी, उपाध्यक्ष मुरलीधर नेताम, प्रवक्ता विकाश उपाध्याय, सचिव रणवीर सोनी, कोषाध्यक्ष हरीश तायल, संगठन मंत्री लैबानो सिंह सोनी, संगठन व्यवस्था मंत्री महेश्वर सिन्हा, बैठक व्यवस्था प्रभारी डब्बू कश्यप, सलाहकार मो. फिरोज खान, सोशल मीडिया प्रभारी पंकज बीसी एवं भोले मांझी को सर्वसम्मति से चयन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए मंच की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

- बेलाट नाला निर्माण पहली प्राथमिकता
समाधान मंच देवभोग ने अपनी पहली प्रमुख प्राथमिकता के रूप में बेलाट नाला की समस्या के स्थायी समाधान हेतु संघर्ष एवं पहल करने का निर्णय लिया है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि बेलाट नाला क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण समस्या है, जिसके समाधान के लिए संगठन जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखेगा। ज्ञात हो कि पूर्व वर्षो में बेलाट नाला निर्माण को लेकर कई बार घोषणा हो चुकी है लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है जिसके कारण इस क्षेत्र के हजारो लोगो को बारिश के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समाधान मंच की बैठक में क्षेत्र की प्रमुख मांगों में बेलाट नाला हो रखा गया है। निश्चित रूप से आने वाले दिनों में इसका बेहतर परिणाम देखने को मिलेगा।
- बैठक में शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
समाधान मंच की बैठक से पूर्व आज क्षेत्र के शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके त्याग बलिदान एवं राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रहित एवं समाज हित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया और उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज हित एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष कन्हैया मांझी ने उपस्थित जनो का अभार व्यक्त करते हुए कहा समाधान मंच का गठन जिस उद्देश्य के साथ किया गया है उसे हम सभी मिलकर पूरा करेगें देवभोग क्षेत्र की जनता वर्षो से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पुल पुलिया जैसे बुनियादी जरूरतो के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब समाधान मंच क्षेत्र की विकास के लिए योजना बद्ध तरीके से लड़ाई लड़ेगी और समाधान मंच को विस्तार देने के लिए हर गांव गांव तक इसके सदस्यों की संख्या बढ़ायेंगे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ा जायेगा उन्होने अध्यक्ष चुने जाने सभी का आभार व्यक्त किया है।
